- February 18, 2026
जिला युवा कांग्रेस दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष जयंत देशमुख के नेतृत्व में सैकड़ों युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चार सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
जिला युवा कांग्रेस दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष जयंत देशमुख के नेतृत्व में सैकड़ों युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चार सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि हाल ही में माध्यमों से यह बात सामने आई कि कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव द्वारा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाया गया, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा इस पर कोई चालानी कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, हेलमेट पहनने की समय-सीमा को लेकर दिए गए कथित अवैधानिक बयान के विरोध में एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष वरुण केवल्तानी व अन्य कार्यकर्ताओं द्वारा ट्रैफिक थाने पहुँचकर विरोध प्रदर्शन किया गया, जिस पर गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया गया।
युवा कांग्रेस ने इसे द्वेषपूर्ण कार्रवाई बताते हुए कहा कि कानून सबके लिए समान होना चाहिए और राजनीतिक प्रभाव में होकर कार्रवाई करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
युवा कांग्रेस ने आगे कहा कि दुर्ग जिले में चोरी, चाकूबाजी व अन्य गंभीर अपराधों की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। लगातार बढ़ते अपराधों को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि शेयर मार्केट के नाम पर कथित रूप से लोगों से ठगी करने वाले योगेश साहू द्वारा भारी रकम की ठगी कर विदेश भाग जाने की खबरें सामने आई हैं, जिस पर समय रहते कार्रवाई न होना प्रशासनिक विफलता दर्शाता है।
इसके अलावा महादेव सट्टा व अन्य ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े मामलों में सौरभ चंद्राकर व रवि उप्पल की गिरफ्तारी नहीं होने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन सट्टे के प्रचार-प्रसार पर रोक न लग पाने पर भी नाराज़गी जताई गई।
एएसपी सुखनंदन राठौड़ ने ज्ञापन में उठाए गए बिंदुओं पर शीघ्र उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस पर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष जयंत देशमुख ने कहा कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो युवा कांग्रेस शांतिपूर्ण व गांधीवादी तरीके से आंदोलन करेगी।
इस दौरान प्रमुख रूप से दक्षिण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुरदीप सिंह भाटिया, पूर्व जनपद सदस्य ज्ञानेश्वर विक्की मिश्र, एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष सोनू साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस व एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




