- February 24, 2026
विकास का विजन, विश्वास का बजट, आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव : नितेश साहू

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
विष्णु देव सरकार के वित्तमंत्री द्वारा प्रस्तुत राज्य बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा जिला प्रवक्ता नितेश साहू ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प पत्र है।
बजट की प्रशंसा करते हुए भाजपा प्रवक्ता नितेश साहू ने कहा कि इस बजट में समाज के प्रत्येक वर्ग—किसान, युवा, महिला, मजदूर, व्यापारी और मध्यमवर्ग—की आवश्यकताओं का संतुलित और संवेदनशील ध्यान रखा गया है। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि विकास केवल शहरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गांव-गांव तक उसकी रोशनी पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाले प्रावधान किसानों के जीवन में स्थिरता और समृद्धि लाएंगे। युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसर राज्य को नई ऊर्जा प्रदान करेंगे। महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में किए गए प्रावधान सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाते हैं।
नितेश साहू ने आगे कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और अधोसंरचना पर बढ़ा हुआ निवेश छत्तीसगढ़ को विकास के नए आयाम देगा। यह बजट “विकसित छत्तीसगढ़” के लक्ष्य की ओर एक मजबूत और निर्णायक कदम है।
अंत में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस जनहितकारी एवं दूरदर्शी बजट का स्वागत करती है और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।




