- February 27, 2026
खाटू श्याम बाबा की भव्य निशान यात्रा में उमड़ा भक्तों का सैलाब, महापौर अलका बाघमार ने किया स्वागत

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। शहर में शुक्रवार की सुबह आस्था और भक्ति का सागर तब उमड़ पड़ा जब खाटू श्याम बाबा की भव्य निशान एवं शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा का नगरवासियों ने दिल खोलकर स्वागत किया, वहीं अलका बाघमार ने जनप्रतिनिधियों के साथ यात्रा में शामिल होकर श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना की।
शोभायात्रा गंजपारा सख्ती चौरा से प्रारंभ होकर इंदिरा मार्केट, शांति नगर, दुर्गा चौक से होती हुई कादम्बरी नगर स्थित खाटू श्याम मंदिर तक पहुंची। पूरे मार्ग में गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन की धुनों के बीच भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। शोभायात्रा में शहरभर से आए श्रद्धालु पगड़ी, पीला ध्वज और निशान उठाए शामिल हुए।
आकर्षण का केंद्र बने विमान पर विराजित खाटू श्याम बाबा की सजी-धजी प्रतिमा, जिसे आभूषणों व फूलों से भव्य स्वरूप में सजाया गया था। यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, लोगों ने घरों और दुकानों से फूल बरसाकर स्वागत किया। कई स्थानों पर आरती उतारी गई एवं प्रसाद वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में महापौर अलका बाघमार, लोककर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, पार्षद सुरूचि उमरे, रंजीता पाटिल एवं सावित्री दमाहे सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने मिलकर बाबा श्याम से सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
शाम को भजन संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें बाहर से आए कलाकारों ने श्याम भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे और देर रात तक भक्ति-भाव का माहौल बना रहा।




