- March 6, 2026
वोरा सहित दुर्ग कांग्रेस ने फूलोदेवी नेताम के पुनः राज्यसभा नामांकन पर किया अभिनंदन, दी बधाई

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
रायपुर। दुर्ग
छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के लिए पुनः नामित होने पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री फूलोदेवी नेताम से शुक्रवार को रायपुर स्थित उनके निवास पर दुर्ग के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं दुर्ग के पूर्व विधायक अरुण वोरा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस मौके पर अरुण वोरा ने कहा कि फूलोदेवी नेताम का पुनः राज्यसभा के लिए नामित होना छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि नेताम ने सदैव संसद में प्रदेश, विशेषकर आदिवासी समाज और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया है। उनके अनुभव और सक्रियता से छत्तीसगढ़ की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती के साथ सामने आती रहेगी।
इस दौरान उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी नेताम को बधाई देते हुए कहा कि उनका पुनः राज्यसभा पहुंचना प्रदेश के जनप्रतिनिधित्व को और सशक्त करेगा तथा उनके मार्गदर्शन से पार्टी संगठन को भी मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर वोरा के साथ पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा, फतेह सिंह भाटिया, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार पाली, निखिल खिचरिया, राय सिंह ढीकोला, महेश जायसवाल, आदिवासी नेता राकेश ठाकुर, पूर्व पार्षद श्रद्धा सोनी, छाया पार्षद निकिता सिंह, त्रिशरण डोंगरे, आँचल गुप्ता एवं चेतना साहू भी मौजूद रहे।




