- March 23, 2026
सखी सहेली महिला समूह की अनूठी पहल, गृहणी महिलाएं बनेंगी प्रतियोगिता का हिस्सा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। महिलाओं के कल्याण एवं उत्थान में अग्रणी संस्था सखी सहेली महिला समूह दुर्ग द्वारा गृहणी महिलाओं के जीवन में उमंग व उल्लास के रंग भरने अनूठी पहल की गई है। इसके अंतर्गत समिति ने महिलाओं के लिए पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन 29 मार्च को स्थानीय मिनी स्टेडियम पद्मनाभपुर में किया है। शाम 4 बजे से शुरु होने वाले इस खेल प्रतियोगिता को बचपन के टिकिट का नाम दिया गया है। प्रतियोगिता में खो-खो, कबड्डी, बिल्लस, गोटा, फुगड़ी, चम्मच दौड़, रस्सा खींच, बोरा दौड़, जलेबी दौड़ एवं अन्य प्रतियोगिताएं आकर्षण का केन्द्र होगी, साथ ही महिलाओं के बीच काफी लोकप्रिय हौजी गेम को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया है, वहीं महिलाएं गुपचुप,भेल, चनाचूर, बर्फ गोला, बाम्बे मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों का भी लुत्फ उठा सकेंगी। गृहणी महिलाओं के लिए नि:शुल्क आयोजित प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य परिवार की जिम्मेदारी निर्वहन करते भूल चुकी अपने जीवन की खुशियों व आनंद के पल से गृहणियों को पुन: जोड़ना और उन्हें अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर प्रदान करना है। प्रतियोगिताओं को दो आयु श्रेणी में विभाजित किया गया है। पहला 18 से 25 वर्ष और दूसरा 25 से अधिक आयु वर्ग की महिलाओं के लिए यह प्रतियोगिता आयोजित किए गए है। प्रत्येक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता का हिस्सा बनने प्रतिभागी गृहणी महिलाओं को पंजीयन कराना अनिवार्य है। यह प्रतियोगिता भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद सुश्री सरोज पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया है। प्रतियोगिताओं को लेकर गृहणी महिलाओं में उत्साह का माहौल है। जिसके चलते प्रतियोगिता में बड़ी संंख्या में गृहणी महिलाओं के प्रतिभागी बनने की संभावना को लेकर आयोजन समिति द्वारा सभी व्यवस्थागत तैयारियां जोर-शोर से जारी है। यह बातें भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद सुश्री सरोज पांडेय ने सोमवार को मीडिया से चर्चा में कही। इस दौरान सखी सहेली महिला समूह अध्यक्ष शैल चंद्राकर, महापौर अलका बाघमार, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य उषा टावरी, चंद्रिका चंद्राकर, जिला भाजपा उपाध्यक्ष सरिता मिश्रा, प्रदेश महिला मोर्चा मंत्री कुमुद बघेल,जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष तृप्ति चंद्राकर, भिलाई जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वीटी कौशिक मौजूद रहे। मीडिया से चर्चा में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद सुश्री सरोज पाण्डेय ने कहा कि बचपन का टिकट एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भावनाओं से जुड़ा एक अद्भुत प्रयास है। बचपन का टिकट यह नाम सुनते ही मन में मुस्कान आ जाती है, यादें ताज़ा हो जाती हैं और जीवन की वही निश्छल, निर्मल, चिंता-मुक्त दुनिया आँखों के सामने आ जाती है। हमारी मातृशक्ति जो पूरे परिवार की धुरी हैं, जो अपने सपनों से पहले अपने बच्चों के सपनों को सजाती हैं, जो अपनी खुशियों से पहले परिवार की खुशियों को प्राथमिकता देती हैं। वे अक्सर जीवन की आपाधापी में स्वयं को कहीं पीछे छोड़ देती हैं। इसी भावना को समझते हुए मातृशक्तियों के लिए यह विशेष आयोजन बचपन का टिकट कार्यक्रम आयोजित किया गया है, ताकि हमारी माताएँ और बहनें कुछ पल के लिए फिर से अपने बचपन को जी सकें, मुस्कुरा सकें, खेल सकें और जीवन की चिंताओं से दूर आनंद के क्षण को महसूस कर सकें।
सुश्री पांडेय ने कहा कि चलव दीदी खेल-खेले पर जाबो यह केवल एक आमंत्रण नहीं, बल्कि प्रेम, सम्मान और अपनत्व से भरा संदेश है। यह संदेश है कि अब समय आ गया है कि हम अपनी मातृशक्ति को उनके त्याग के लिए धन्यवाद दें और उन्हें आनंद के कुछ विशेष पल भेंट करें।




