- March 31, 2026
बीकॉम तृतीय वर्ष अंग्रेजी पेपर में सिलेबस गड़बड़ी पर छात्रों में आक्रोश, कांग्रेस ने उठाई आवाज

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज

दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में बीकॉम तृतीय वर्ष (सत्र 2026) के अंग्रेजी विषय की परीक्षा में सिलेबस से संबंधित गंभीर त्रुटि सामने आने के बाद छात्रों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इस मुद्दे को जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग शहर के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में प्रमुखता से उठाया गया।
छात्रों का आरोप है कि परीक्षा में नए सत्र (2025-26) के निर्धारित सिलेबस के बजाय पुराने सिलेबस से प्रश्न पूछे गए, जिससे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का पेपर प्रभावित हुआ और उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ा।
इस संबंध में धीरज बाकलीवाल ने बताया कि जब छात्रों ने इस समस्या को कॉलेज प्रशासन के समक्ष रखा, तो उन्हें संतोषजनक जवाब देने के बजाय केवल परीक्षा जारी रखने को कहा गया, जिससे छात्रों में असंतोष और आक्रोश बढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि दुर्ग संभाग सहित विभिन्न क्षेत्रों से छात्र बेहतर शिक्षा की उम्मीद लेकर विश्वविद्यालय से जुड़े हैं, लेकिन इस प्रकार की लापरवाही उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। दूर-दराज से आकर पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए पुनः परीक्षा देना आर्थिक एवं मानसिक रूप से चुनौतीपूर्ण होता है।
धीरज बाकलीवाल ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि उक्त अंग्रेजी विषय की परीक्षा को पुनः आयोजित किया जाए या सिलेबस से बाहर पूछे गए प्रश्नों के लिए छात्रों को उचित बोनस अंक प्रदान किए जाएं, ताकि किसी भी विद्यार्थी का शैक्षणिक नुकसान न हो।
उन्होंने विश्वविद्यालय से इस विषय पर शीघ्र संज्ञान लेकर न्यायोचित निर्णय लेने की अपील की है, जिससे छात्रों के हितों की रक्षा हो सके और भविष्य में ऐसी त्रुटियों की पुनरावृत्ति न हो।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, अजय शर्मा, कौशल किशोर सिंह, गौरव उमरे, राहुल शर्मा, मुकेश साहू, गुरदीप सिंह भाटिया, आनंद ताम्रकार, संजय बत्रा, सुशील भारद्वाज, प्रकाश जोशी, आदित्य नारंग, सोनू साहू, विनोद सेन, सुनीत घोष, दीपक जैन, चंद्रमोहन गभने, चिराग शर्मा, वरुण केवलतानी, आयुष शर्मा, आदिल खान, युवा चंद्राकर, पियूष सिन्हा, राहुल कुर्रे , अंश चतुर्वेदी सहित अन्य उपस्थित रहे।




