- April 28, 2026
महापौर अलका बाघमार जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मिलीं, बेहतर उपचार के दिए निर्देश

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। बोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मोहननगर के तितुरडीह से बोरी के ग्राम मड़ियापार बारातियों को लेकर लौट रही बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। इस दुर्घटना में कुल 19 लोग घायल हो गए,
घटना की सूचना मिलते ही
महापौर श्रीमती अलका बाघमार देर रात ही जिला अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हालचाल जाना। इसके पश्चात मंगलवार सुबह महापौर अलका बाघमार द्वारा लोक कर्म प्रभारी देवनारायण चन्द्राकर के साथ पुनः जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली तथा चिकित्सकों से उपचार संबंधी विस्तृत चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आवश्यक दवाइयों एवं संसाधनों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों से भी संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए शुद्ध पेयजल, दवाइयों की उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने कहा कि शादी जैसे खुशी के अवसर से लौटते समय इस प्रकार की दुर्घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।




