- May 21, 2026
दुर्ग शहर की बदहाल विद्युत व्यवस्था को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर ने सौंपा ज्ञापन, समस्याओं के निराकरण की मांग

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज

जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग शहर के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों एवं शहरवासियों ने सीएसपीडीसीएल दुर्ग शहर के मुख्य कार्यपालन अभियंता संजय खंडेलवाल जी को दुर्ग शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती, अव्यवस्थित विद्युत व्यवस्था एवं आम जनता को हो रही परेशानियों के संबंध में विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि पिछले लगभग एक वर्ष से दुर्ग शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। हल्की आंधी, बारिश अथवा तूफान आते ही शहर के अनेक बिजली फीडर बंद हो जाते हैं, जिससे घंटों तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है। इस अव्यवस्था के कारण आमजन जीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है तथा व्यापार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष विस्तारपूर्वक रखीं। जवाहर नगर क्षेत्र के लोगों ने बताया कि वहां हल्की आंधी-तूफान आते ही घंटों बिजली बंद हो जाती है, जिससे रहवासियों को अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। नागरिकों ने यह भी कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
बैठक में उपस्थित लोगों ने विद्युत विभाग के कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर नाराजगी व्यक्त की। नागरिकों ने कहा कि कॉल सेंटर के कर्मचारी शिकायतकर्ताओं से उचित व्यवहार नहीं करते तथा कई बार फोन उठाने में भी लापरवाही बरती जाती है, जिससे जनता की समस्याएं और बढ़ जाती हैं।
गया नगर, बघेरा एवं किनसेव क्षेत्र के नागरिकों ने बताया कि कई बार रात देर तक बिजली बंद रहती है और सुधार कार्य में अनावश्यक विलंब किया जाता है। महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को गर्मी के मौसम में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कई लोगों ने यह भी शिकायत की कि पानी भरने एवं नल खोलने के समय ही बिजली कटौती कर दी जाती है, जिससे नागरिकों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है। कांग्रेस नेताओं ने इसे पूरी तरह अनुचित बताते हुए तत्काल सुधार की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेस पार्टी की ओर से मांग की गई कि दुर्ग शहर की विद्युत व्यवस्था को तत्काल सुदृढ़ किया जाए, बार-बार बंद होने वाले फीडरों की तकनीकी जांच कर स्थायी समाधान किया जाए, आंधी-तूफान के दौरान विद्युत व्यवस्था बनाए रखने हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए तथा विद्युत कटौती की स्थिति में त्वरित सुधार दल सक्रिय किए जाएं। साथ ही अस्पतालों एवं आवश्यक सेवाओं वाले क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
मुख्य कार्यपालन अभियंता संजय खंडेलवाल जी ने सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा आश्वासन दिया कि विभाग द्वारा विद्युत व्यवस्था में आवश्यक सुधार के लिए शीघ्र कार्रवाई की जाएगी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर आम जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
बिजली विभाग में ज्ञापन देने वालों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, प्रतिपक्ष नेता संजय कोहले , ब्लॉक अध्यक्ष अलताफ अहमद ,कौशल किशोरसिंह, राय सिंह ढिकोला, राजू भाटिया,प्रेमलता साहू, प्रवक्ता नासिर खोखर, सुशील भारद्वाज, देव श्री साहू आनंद कपूर ताम्रकार गुरदीप भाटिया मनीष बघेल रतन नारायणदेव दुष्यंत देवांगन, नंदू शर्मा, मुकेश साहू राहुल शर्मा , हेमा साहू, देव सिन्हा, भूपेंद्र सेन , गणेश सोनी, निकिता सिंह, ज्ञानु बागड़े , जमना साहू सुनीत घोष, अनीस रजा,अशोक मेहरा, दीपक जैन, दीपक चावड़ा, सहित अन्य कांग्रेसी उपस्थित रहे ।




