- June 1, 2026
गया नगर में नई पानी टंकी निर्माण से क्षेत्रवासियों में उत्साह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताने तख्तियां लेकर पहुंचीं महिलाएं

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। सुशासन तिहार के अंतर्गत दुर्ग शहर को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात देने पहुंचे मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा गया नगर क्षेत्र में नई उच्च स्तरीय पानी टंकी निर्माण कार्य के भूमिपूजन से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। वर्षों से जल संकट का सामना कर रहे गया नगर एवं आसपास के क्षेत्रों की बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में धन्यवाद तख्तियां लेकर कार्यक्रम स्थल पहुंचीं और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री श्री गजेन्द्र यादव तथा नगर निगम महापौर श्रीमती अल्का बाघमार के प्रति आभार व्यक्त किया।
नगर निगम दुर्ग की जल कार्य विभाग प्रभारी एवं वार्ड क्रमांक-4 की पार्षद श्रीमती लीना दिनेश देवांगन ने कहा कि गया नगर, मठपारा, सारथीपारा, राजीव नगर तथा रामनगर क्षेत्रों में लंबे समय से जलापूर्ति की समस्या बनी हुई थी। गर्मी के दिनों में लो-प्रेशर के कारण स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती थी, जिससे हजारों परिवार प्रभावित होते थे। क्षेत्र की इस बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करने के लिए महापौर श्रीमती अल्का बाघमार के नेतृत्व में नगर निगम द्वारा लगातार प्रयास किए गए। नगर निगम की पहली एमआईसी बैठक में गया नगर में 15 लाख लीटर क्षमता की उच्च स्तरीय पानी टंकी निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया, जिसे बाद में शासन स्तर पर नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव तथा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री श्री गजेन्द्र यादव के विशेष प्रयासों एवं सहयोग से मंजूरी प्राप्त हुई।
श्रीमती लीना देवांगन ने कहा कि नई पानी टंकी के निर्माण एवं पाइपलाइन विस्तार कार्य से गया नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों नागरिकों को पर्याप्त एवं सुचारु पेयजल आपूर्ति का लाभ मिलेगा। यह परियोजना क्षेत्र की वर्षों पुरानी जल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा शहर की जीवनदायिनी शिवनाथ नदी को प्रदूषण से बचाने और नागरिकों को स्वच्छ जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगभग 139.50 करोड़ रुपये की लागत से 77 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया है। यह परियोजना दो प्रमुख स्थानों पर विकसित की जाएगी। पहला एसटीपी महमरा घाट के समीप पुलगांव नाला क्षेत्र में स्थापित होगा, जहां शहर के बड़े हिस्से का गंदा पानी शिवनाथ नदी में जाकर मिलता है। वहीं दूसरा एसटीपी उरला स्थित अटल आवास के पीछे शंकर नाला क्षेत्र में बनाया जाएगा, जहां से बड़ी मात्रा में अपशिष्ट जल सीधे नदी में प्रवाहित होता है।
श्रीमती देवांगन ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से शिवनाथ नदी में प्रदूषित जल का प्रवाह कम होगा, नदी संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य की दृष्टि से भी इसका दूरगामी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व, विधायक एवं कैबिनेट मंत्री श्री गजेन्द्र यादव के सतत प्रयासों तथा महापौर श्रीमती अल्का बाघमार के मार्गदर्शन में दुर्ग शहर में विकास कार्यों को नई गति मिली है। ट्रिपल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों का परिणाम है कि वर्षों से लंबित जनहितकारी योजनाएं अब तेजी से धरातल पर उतर रही हैं।
श्रीमती लीना दिनेश देवांगन ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव, विधायक एवं कैबिनेट मंत्री श्री गजेन्द्र यादव तथा महापौर श्रीमती अल्का बाघमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई पानी टंकी एवं एसटीपी जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं दुर्ग शहर की जल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होंगी।




