- June 17, 2026
सरकारी स्कूलों को आरएसएस की शाखा बनाने पर उतारू साय सरकार – देव कुमार जंघेल

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोआर्डिनेटर देवकुमार जंघेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अब्दुल गनी, लिखन साहू, अमित लोढ़ा, संजय सिंह आदि ने एक विज्ञप्ति जारी कर छत्तीसगढ़ की साय सरकार पर शिक्षा का भगवाकरण करने और सरकारी स्कूलों को आरएसएस की शाखा के रूप में तब्दील करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि शासकीय शालाओं में दीप मंत्र, गुरु मंत्र, शांति मंत्र, गायत्री मंत्र और अन्य धार्मिक प्रार्थना कराने का निर्णय अलोकतांत्रिक है। भारतीय संविधान धर्म निरपेक्ष है और यह सभी को धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार देता है। ऐसे में एक धर्म विशेष का महिमामंडन करना अन्य धर्म के छात्रों की भावनाओं को आहत करेगा। यह समानता के अधिकार और मासूम छात्रों के मौलिक अधिकार का उल्लंघन है। सरकारी स्कूलों में सभी धर्म के छात्र पढ़ते हैं यदि वे मांग करेंगे कि उनके धर्म की भी प्रार्थना कराई जाए तो क्या सरकार ऐसा कर पाएगी? बेहतर होगा कि शिक्षा के केन्द्रों को धार्मिक गतिविधियों से दूर रखकर वहां सिर्फ शिक्षा दी जाए। साय सरकार विभिन्न धर्मों के बीच वैमनष्यता फैलाने वाला यह निर्णय तत्काल वापस ले।




