- July 3, 2026
दो साल के इंतजार के बाद दुर्ग नगर निगम को मिले 9 एल्डरमैन

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग । नगरीय निकायों में लंबे समय से रिक्त पड़े एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) पदों पर आखिरकार नियुक्तियां कर दी गई हैं। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। करीब दो वर्षों के लंबे इंतजार और राजनीतिक मंथन के बाद जारी हुई इस सूची के साथ ही नगरीय निकायों में मनोनयन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। दुर्ग नगर निगम के लिए कुल 9 एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं। इनमें कांतिलाल जैन (गोलू), नरेश तेजवानी, गौरव शर्मा, अनूप सोनी, दशरथ निर्मलकर, मदन वाढई, तेखन सिन्हा, तुलसी यादव, चमेली साहू के नाम शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इन नियुक्तियों में स्थानीय नेतृत्व, सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए चयन किया गया है। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि सूची में कैबिनेट मंत्री, जिला भाजपा अध्यक्ष तथा पूर्व राज्यसभा सदस्य की राय का प्रभाव देखने को मिला है। एल्डरमैन की नियुक्ति के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। नवनियुक्त एल्डरमैन को पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों की ओर से लगातार बधाइयां दी जा रही हैं। समर्थकों ने विश्वास जताया है कि सभी मनोनीत पार्षद नगर निगम की कार्यप्रणाली में सक्रिय भूमिका निभाते हुए शहर के विकास और जनहित के कार्यों को नई गति प्रदान करेंगे।




