- July 3, 2026
नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और बढ़ती बेरोजगारी पर कांग्रेस का हमला, देश के युवाओं के सपनों से खिलवाड़ बंद करे केंद्र सरकार

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण), दुर्ग (शहर) एवं भिलाई शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त रूप से बयान जारी किया है। प्रेस वार्ता में NEET पेपर लीक, लगातार हो रहे परीक्षा घोटाले, शिक्षा के बढ़ते निजीकरण, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं तथा बढ़ती बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
नेताओं ने कहा कि आज देश का युवा अपने भविष्य को लेकर गहरी चिंता और असुरक्षा के दौर से गुजर रहा है। लाखों विद्यार्थी वर्षों तक कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा घोटालों ने पूरी परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है।
जिलाध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण) राकेश ठाकुर ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था आज गंभीर संकट से गुजर रही है। NEET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितताओं ने युवाओं का भरोसा तोड़ा है। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह छात्रों को निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली उपलब्ध कराए, लेकिन दुर्भाग्य से आज परीक्षा माफियाओं का नेटवर्क लगातार मजबूत होता दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र के भविष्य की नींव होती है। यदि उसी व्यवस्था में भ्रष्टाचार और लापरवाही हावी हो जाए तो देश का भविष्य खतरे में पड़ जाता है। कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी तथा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग को मजबूती से उठाती रहेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर जिलाध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाएं केवल परीक्षा में गड़बड़ी नहीं, बल्कि लाखों विद्यार्थियों के सपनों, मेहनत और उनके परिवारों के विश्वास के साथ किया गया अन्याय हैं। छात्र दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन जब परीक्षा के बाद पेपर लीक की खबरें सामने आती हैं तो उनका मनोबल टूट जाता है और व्यवस्था के प्रति उनका विश्वास कमजोर पड़ जाता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है। कोचिंग, हॉस्टल, परीक्षा शुल्क और अन्य खर्चों के कारण मध्यम एवं गरीब परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। दूसरी ओर भर्ती परीक्षाओं में देरी, रिक्त पदों पर नियुक्तियां न होना तथा बढ़ती बेरोजगारी युवाओं को निराशा की ओर धकेल रही है।
धीरज बाकलीवाल ने कहा कि लखीमपुर खीरी के 21 वर्षीय ऋतिक मिश्रा, जिसने तीसरी बार NEET परीक्षा दी थी, परीक्षा रद्द होने के बाद मानसिक रूप से टूट गया और आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। गोवा में भी एक NEET अभ्यर्थी ने अपनी जान गंवा दी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामले केवल व्यक्तिगत त्रासदी नहीं, बल्कि व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाते हैं।
उन्होंने आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2015 से 2026 तक देश में 148 परीक्षा घोटाले सामने आए, 87 परीक्षाएं रद्द हुईं और करीब 9 करोड़ युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। इन घोटालों में कार्रवाई बेहद सीमित रही और अधिकांश मामलों में दोषियों को कठोर सजा नहीं मिली। उन्होंने कहा कि यह स्थिति देश के युवाओं के साथ अन्याय है।
भिलाई शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि देश का युवा आज रोजगार, शिक्षा और निष्पक्ष प्रतियोगी परीक्षाओं की मांग कर रहा है, लेकिन केंद्र सरकार इन मूलभूत मुद्दों से ध्यान भटकाने में लगी हुई है। लाखों शिक्षित युवा डिग्री लेने के बाद भी रोजगार के लिए भटक रहे हैं, जबकि सरकार रोजगार सृजन के बजाय केवल दावों और प्रचार तक सीमित दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसी शिक्षा व्यवस्था की पक्षधर है जो प्रत्येक छात्र को समान अवसर दे, शिक्षा को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाए, परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाए तथा युवाओं को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराए। शिक्षा और रोजगार किसी भी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रेस वार्ता के अंत में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि परीक्षा माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, सभी भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी बनाया जाए, युवाओं को समयबद्ध रोजगार उपलब्ध कराया जाए तथा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।




