- July 8, 2026
सफाई कर्मियों के सम्मान और सुरक्षा का संबल बनी नमस्ते किट, महापौर एवं आयुक्त ने किया निःशुल्क वितरण

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। नगर निगम क्षेत्र में कार्यरत सफाई कर्मियों की सुरक्षा एवं सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत सरकार की महत्वाकांक्षी ‘नमस्ते’ योजना के तहत नगर निगम दुर्ग द्वारा ‘नमस्ते किट’ का वितरण प्रारंभ किया गया। महापौर अलका बाघमार एवं आयुक्त सुमित अग्रवाल ने महापौर कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता दीदियों एवं सफाई कर्मियों को निःशुल्क नमस्ते किट प्रदान की।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग प्रभारी नीलेश अग्रवाल, लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, नरेंद्र बंजारे, लीना देवांगन, शेखर चन्द्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, लीलाधर पाल, शशि साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं निगम अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर निगम द्वारा योजना के तहत निगम क्षेत्र के सभी 60 वार्डों में कार्यरत सफाई कर्मियों को चरणबद्ध रूप से नमस्ते किट का वितरण किया जाएगा। किट में सफाई कर्मियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलमेट, दस्ताने, मास्क, एप्रन, बरसाती सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
महापौर अलका बाघमार ने सफाई कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे सफाई कर्मी केवल शहर की साफ-सफाई की जिम्मेदारी नहीं निभाते, बल्कि भारत सरकार के ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के सच्चे अभियान दूत हैं। उन्होंने कहा कि जिस समर्पण और जिम्मेदारी के साथ सफाई कर्मी प्रतिदिन शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में जुटे रहते हैं, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है।
महापौर ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह जनभागीदारी का आंदोलन है, जिसमें सफाई कर्मी इसकी सबसे मजबूत कड़ी हैं। नगर निगम उनके सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम प्रशासन अपने प्रत्येक सफाई कर्मी की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि ‘नमस्ते किट’ सफाई कर्मियों के लिए सुरक्षा कवच के रूप में काम करेगी और उन्हें कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा प्रदान करेगी।
स्वास्थ्य विभाग प्रभारी नीलेश अग्रवाल ने कहा कि सफाई कर्मी शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत और सेवा के कारण ही शहर स्वच्छ और सुंदर बना रहता है। निगम द्वारा समय-समय पर सफाई कर्मियों के हित में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में पार्षद सुरूचि उमरे, सरिता चन्द्राकर, रंजीता पाटिल, लोकेश्वरी ठाकुर, अश्वनी निषाद, नरेश तेजवानी, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी शेखर दुबे, कुणाल,राहुल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




