- July 18, 2026
भगवान श्रीराम की आस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं, चढ़ावा चोरी की निष्पक्ष जांच हो : धीरज बाकलीवाल

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (शहर) एवं जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के संयुक्त तत्वावधान में श्रीराम मंदिर, अयोध्या में सामने आए कथित चढ़ावा चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में शुक्रवार को विशाल जनाक्रोश रैली एवं विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (शहर) के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल एवं जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने संयुक्त रूप से किया।
रैली राजीव भवन से प्रारंभ होकर चंडी मंदिर, इंदिरा मार्केट होते हुए शनिचरी बाजार स्थित श्रीराम मंदिर पहुंची। मार्गभर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “चंदा चोर गद्दी छोड़”, “भगवान राम के नाम पर भ्रष्टाचार बंद करो”, “रामभक्तों की आस्था से खिलवाड़ बंद करो” जैसे नारों के साथ विरोध दर्ज कराया। श्रीराम मंदिर के बाहर कांग्रेसजनों ने भगवान श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए कथित वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक प्रतीकात्मक दानपात्र बनाकर प्रदर्शन किया। इसके माध्यम से यह संदेश दिया गया कि श्रद्धालुओं द्वारा भगवान श्रीराम के चरणों में श्रद्धा और विश्वास से अर्पित किया गया चढ़ावा पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ मंदिर के विकास एवं धार्मिक कार्यों में उपयोग होना चाहिए। कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग उठाई।
सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि “भगवान श्रीराम देश के करोड़ों लोगों की आस्था, विश्वास और भारतीय संस्कृति के प्रतीक हैं। भगवान के नाम पर आने वाले चढ़ावे में यदि कथित अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती हैं, तो यह केवल आर्थिक मामला नहीं बल्कि करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं से जुड़ा विषय है। ऐसे मामलों की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि सत्य सामने आए और जनता का विश्वास बना रहे।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी भी धर्म या आस्था के विरुद्ध नहीं है, बल्कि भगवान श्रीराम के नाम पर यदि कहीं भी भ्रष्टाचार अथवा अनियमितता होती है तो उसका विरोध करना प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक का दायित्व है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि भगवान श्रीराम किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की आस्था के केंद्र हैं। उनकी आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा धार्मिक आस्था के सम्मान और सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता की पक्षधर रही है तथा इस मुद्दे पर भी जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी।
दोनों नेताओं ने कहा कि यदि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चढ़ावे के संबंध में किसी प्रकार की शिकायत सामने आती है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर सच्चाई देश के सामने लाई जानी चाहिए। पारदर्शिता ही जनता के विश्वास को मजबूत करती है और यही लोकतंत्र की मूल भावना भी है।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




