- July 26, 2026
बीएसपी में स्क्रैप चोरी के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, 16 पकड़े जा चुके, मुख्य आरोपी गिरफ्त से बाहर, नाम नेता, जनप्रतिनिधि, पुलिस, प्रशासन सब को मालूम, लेकिन खुलकर कोई कुछ नहीं बोल रहा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बीएसपी से फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में लौह स्क्रैप एवं कोक, कोयला चोरी के संगठित रैकेट का खुलासा हुआ है। प्रकरण में 16वीं गिरफ्तारी हुई है। लोडर ऑपरेटर को पुलिस ने पकड़ा है भिलाई इस्पात संयंत्र से फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में लौह स्क्रैप एवं कोक, कोयला चोरी करने वाले संगठित गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार कर प्रकरण में 16वीं गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तार लोडर ऑपरेटर से पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह द्वारा योजनाबद्ध तरीके से लौह स्क्रैप के साथ-साथ कोक/कोयला भी फ्लू डस्ट में छिपाकर बाहर भेजा जाता था। आरोपी द्वारा पिछले 4-5 माह से गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर फ्लू डस्ट लोडिंग के दौरान चोरी की सामग्री को छिपाकर अवैध रूप से परिवहन किए जाने के पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त हुए। बता दें कि इस मामले का मास्टर माइंड अब भी भिलाई शहर में खुलेआम घूम रहा है। समाजसेवी बनकर सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल हो रहा है। जन्मदिन मना रहा है। जनप्रतिनिधियों और पुलिस के अफसरों के साथ नजर आ रहा है, लेकिन साक्ष्य नहीं होनी की वजह बताकर पुलिस उस पर हाथ डालने से बच रही है। इधर सोशल मीडिया में मास्टर माइंड को लेकर इशारों इशारों में बातें शुरू हो गई है। लेकिन खुलकर नाम अब तक नहीं लिया गया है। एक न्यूज पोर्टल ने उनका नाम और उनके दिवंगत पिता का नाम लिखा है। इस मामले में अब तक लगभग 90 लाख रुपये मूल्य का लौह स्क्रैप तथा वाहनों एवं मशीनरी सहित कुल लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जप्त की जा चुकी है। दो महीने पहले मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर ग्राम अकलोरडीह, खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स तथा प्लॉट क्रमांक-18, एच.आई.ए. हथखोज, भिलाई में पुलिस टीम द्वारा जांच की गई। मौके पर विभिन्न हाईवा, ट्रक एवं अन्य वाहनों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट, बीम एवं कटिंग सामग्री भरी हुई पाई गई। साथ ही बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप अलग-अलग स्थानों पर संग्रहित मिला।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपियों द्वारा संगठित रूप से भिलाई इस्पात संयंत्र से फ्लू डस्ट परिवहन के दौरान लौह स्क्रैप की चोरी कर उसे उक्त स्थान पर अवैध रूप से संग्रहित किया जा रहा था। मौके से लगभग 250 टन वजनी लौह प्लेट, बीम कटिंग एवं अन्य स्क्रैप सामग्री जप्त की गई। इसके अतिरिक्त स्क्रैप परिवहन एवं लोडिंग में प्रयुक्त वाहन, हाईड्रा, जेसीबी एवं अन्य मशीनरी भी जप्त की गई।
विवेचना के दौरान आरोपी हेमंत देवांगन की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हिमांशु ब्रदर्स कंपनी में लोडर ऑपरेटर के रूप में कार्य करता था। गिरोह के सदस्यों द्वारा उससे रात्रि के समय लौह स्क्रैप के साथ-साथ कोक/कोयला भी लोड कराया जाता था, जिसे फ्लू डस्ट के भीतर छिपाकर हाईवा वाहनों के माध्यम से भिलाई इस्पात संयंत्र से बाहर भेजा जाता था। आरोपी की संलिप्तता प्रमाणित होने पर घटना में प्रयुक्त लोडर विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
प्रकरण में अब तक कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा अन्य फरार आरोपियों की तलाश एवं विवेचना जारी है। संगठित गिरोह द्वारा भिलाई इस्पात संयंत्र से फ्लू डस्ट परिवहन के दौरान लौह स्क्रैप एवं कोक/कोयला को फ्लू डस्ट के नीचे छिपाकर हाईवा वाहनों से बाहर भेजा जाता था तथा बाद में उसे अवैध रूप से संग्रहित कर आर्थिक लाभ अर्जित किया जाता था। ग्राम अकलोरडीह, खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स एवं प्लॉट क्रमांक-18, एच.आई.ए. हथखोज से घटना को अंजाम दिया गया। फिलहाल हेमंत देवांगन, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम मोखा, जिला धमतरी को पकड़ा गया है।
रैकेट की पूरी कहानी, कैसे चलता है यह चोरी खेल
छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में करोड़ों रुपए के लोहा चोरी सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। पुलिस अब तक कथित मास्टरमाइंड संजय सिंह, कुछ BSP अधिकारियों, ट्रांसपोर्टर, ड्राइवर, क्रेन ऑपरेटर और स्क्रैप कारोबारियों समेत 16 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का दावा है कि ये किसी एक व्यक्ति का काम नहीं था, बल्कि इसके पीछे पूरा नेटवर्क काम कर रहा था।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि देश के सबसे सुरक्षित स्टील प्लांट में आखिर लोहा चोरी कैसे होती थी? क्या ट्रक सीधे प्लांट में जाता था, लोहा भरता था और बाहर निकल आता था? ऐसा बिल्कुल नहीं था।
पुलिस जांच के मुताबिक, इसके लिए पूरा सिस्टम तैयार किया गया था। फ्ल्यू डस्ट की आड़ में लोहा छिपाया जाता था, ट्रकों के GPS और नंबर प्लेट बदले जाते थे, तय समय पर गेट पार कराया जाता था और फिर गोदाम के रास्ते रोलिंग मिलों तक पहुंचा दिया जाता था।
यानी यह सिर्फ लोहा चोरी की कहानी नहीं है, बल्कि उस पूरे नेटवर्क की कहानी है, जो पुलिस के मुताबिक प्लांट के अंदर से शुरू होकर बाहर खरीदार तक फैला हुआ था। इस एक्सप्लेनर में आसान भाषा में समझिए कि जांच में अब तक क्या-क्या सामने आया है और पूरा खेल कैसे चलता था…
भिलाई स्टील प्लांट केवल एक फैक्ट्री भर नहीं है, बल्कि देश के सबसे अहम स्टील प्लांट्स में से एक है। यहां बनने वाला स्टील भारतीय रेलवे की पटरियों, बड़े पुलों, मेट्रो प्रोजेक्ट्स, नेशनल हाईवे और रक्षा क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स में इस्तेमाल होता है।
यही वजह है कि इस प्लांट से कथित तौर पर संगठित तरीके से लोहा चोरी का मामला सिर्फ करोड़ों रुपए के नुकसान तक सीमित नहीं माना जा रहा। यह देश की महत्वपूर्ण औद्योगिक संपत्ति और रणनीतिक उत्पादन व्यवस्था की सुरक्षा से जुड़ा भी गंभीर मामला है।
फ्ल्यू डस्ट के बहाने बाहर निकलता था कीमती लोहा
भिलाई स्टील प्लांट में जब स्टील बनता है, तो उसके साथ बड़ी मात्रा में फ्ल्यू डस्ट यानी धूल और राख भी निकलती है। नियमों के मुताबिक इसे ट्रकों में भरकर प्लांट से बाहर भेजा जाता है। यही पूरी प्रक्रिया इस कथित चोरी की सबसे बड़ी आड़ बन गई।
पुलिस जांच के मुताबिक, सिंडिकेट ने इसी सिस्टम का फायदा उठाया। आरोप है कि फ्ल्यू डस्ट के नीचे कीमती लोहे की प्लेटें और कटिंग रख दी जाती थीं, फिर ऊपर से दोबारा फ्ल्यू डस्ट डाल दी जाती थी।
बाहर से देखने पर ट्रक में सिर्फ डस्ट नजर आती थी, लेकिन उसके नीचे लाखों रुपए का लोहा छिपा होता था। पुलिस इस मामले में ठेकेदार, BSP के कुछ अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों की कथित भूमिका की भी जांच कर रही है।
चोरी के लिए पहले से तय रहते थे ट्रक और लोग
पुलिस जांच के मुताबिक, लोहा चोरी किसी भी ट्रक से नहीं की जाती थी। इसके लिए पहले से कुछ खास ट्रक और ड्राइवर तय रहते थे। इन्हीं ट्रकों का इस्तेमाल फ्ल्यू डस्ट की आड़ में लोहा बाहर निकालने के लिए किया जाता था। एक ट्रक में करीब 30 से 40 टन तक लोहा छिपाकर ले जाने की बात जांच में सामने आई है।
पुलिस का दावा है कि यह काम कोई अकेला नहीं करता था। जांच में ट्रांसपोर्टर, BSP के कुछ अधिकारी, आउटसोर्सिंग कर्मचारी, क्रेन ऑपरेटर और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कुछ लोगों की कथित भूमिका सामने आई है। यानी ट्रक चुनने से लेकर उसे प्लांट से बाहर निकालने तक पूरी प्रक्रिया पहले से तय रहती थी।
यहीं से शुरू होती थी ट्रक की ट्रैकिंग
हर ट्रक सबसे पहले बिल्टी लेकर वे-ब्रिज पहुंचता था। यहां उसकी एंट्री होती, ट्रक का वजन दर्ज किया जाता यही धर्मकांटा होता है और उसमें GPS लगाया जाता था, ताकि प्लांट के अंदर उसकी आवाजाही पर नजर रखी जा सके। इसके बाद ट्रक फ्ल्यू डस्ट लोड करने के लिए स्लैग डंपिंग ग्राउंड जाता था। लोडिंग पूरी होने के बाद ट्रक दोबारा वे-ब्रिज लौटता था।
यहीं से शुरू होता था नंबर प्लेट और GPS बदलने का खेल
पुलिस जांच के मुताबिक, फ्ल्यू डस्ट लोड होने के बाद ट्रक वापस वे-ब्रिज पहुंचता था। यहीं से कथित तौर पर पूरा खेल शुरू होता था। ट्रक में लगा GPS निकाल लिया जाता था और उसकी नंबर प्लेट भी बदल दी जाती थी।
इसके बाद ट्रक को एक तय जगह ले जाया जाता था, जहां फ्ल्यू डस्ट का कुछ हिस्सा उतार दिया जाता था। फिर ट्रक SMS-3 यूनिट पहुंचता था। यहां क्रेन की मदद से उसके अंदर कीमती लोहे की प्लेटें और कटिंग लोड की जाती थीं। आखिर में ऊपर से फिर फ्ल्यू डस्ट की मोटी परत बिछा दी जाती थी, ताकि बाहर से देखने पर ट्रक में सिर्फ डस्ट ही नजर आए और नीचे छिपा लोहा दिखाई न दे।
दो ड्राइवर और निजी ऑपरेटर संभालते थे पूरा खेल
पुलिस जांच के मुताबिक, इस पूरे नेटवर्क में दो अलग-अलग ड्राइवर लगाए गए थे। एक ड्राइवर ट्रक को तय जगह तक लाता था, जबकि दूसरा उसे आगे लेकर जाता था। इसके अलावा कुछ निजी ऑपरेटर भी तैनात थे, जिनकी जिम्मेदारी ट्रकों की मूवमेंट पर नजर रखना, लोहा लोड कराना और पूरी प्रक्रिया को तय प्लान के मुताबिक पूरा कराना थी।
यह काम इस तरह किया जाता था कि ट्रक की आवाजाही सामान्य लगे और किसी को शक न हो। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस पूरे ऑपरेशन में और किन-किन लोगों की भूमिका थी।
सुरक्षा जांच पर भी उठ रहे हैं सवाल
लोहा लोड होने के बाद ट्रक फिर से वे-ब्रिज पहुंचता था। यहां से वजन दर्ज होने के बाद उसे प्लांट के गेट की ओर भेजा जाता था, जहां बाहर निकलने से पहले सुरक्षा जांच होती थी। इस जांच में CISF के जवान भी तैनात रहते थे। जानकारी के मुताबिक, फ्ल्यू डस्ट से भरे ट्रकों की जांच के लिए एक लंबी लोहे की रॉड डस्ट में डालकर देखा जाता था कि उसके नीचे कोई दूसरी चीज तो नहीं छिपाई गई है। लेकिन पुलिस जांच में सवाल उठे हैं कि अगर इसी तरीके से लोहा बाहर निकाला जा रहा था, तो सुरक्षा जांच में यह पकड़ में क्यों नहीं आया।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जिन जगहों पर चोरी की सबसे ज्यादा आशंका थी, वहां CCTV कैमरे क्यों नहीं लगे थे और क्या सुरक्षा व्यवस्था में कहीं चूक हुई या किसी स्तर पर मिलीभगत थी।
नो-एंट्री टाइमिंग का भी उठाया जाता था फायदा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चोरी वाले ट्रकों की एंट्री और एग्जिट का समय पहले से तय रहता था। सुबह ट्रक फ्ल्यू डस्ट लोड करने के लिए प्लांट के अंदर जाते थे। इसके बाद तय जगह पर उनमें लोहा लोड किया जाता था, लेकिन उन्हें तुरंत बाहर नहीं निकाला जाता था।
आरोप है कि ट्रकों को नो-एंट्री टाइमिंग का इंतजार कराया जाता था। जैसे ही तय समय आता, चोरी का लोहा लेकर ट्रक प्लांट से बाहर निकल जाते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि एक दिन में कितने ट्रकों से लोहा बाहर भेजा जाएगा, यह भी पहले से तय रहता था। इस पूरे काम की जिम्मेदारी कथित तौर पर कुछ तय लोगों के पास थी, जो ट्रकों की आवाजाही पर नजर रखते थे।
एक जैसे ट्रकों से सुरक्षा व्यवस्था को देते थे चकमा
पुलिस जांच में सामने आया है कि सिंडिकेट एक ही रंग के दो ट्रकों का इस्तेमाल करता था। मान लीजिए, अगर पीले रंग के ट्रक में चोरी का लोहा बाहर भेजना होता था, तो उसी रंग का दूसरा ट्रक भी प्लान का हिस्सा होता था।
आरोप है कि प्लांट के अंदर पहुंचने के बाद दोनों ट्रकों की नंबर प्लेट और GPS बदल दिए जाते थे। बाहर से देखने पर दोनों ट्रक एक जैसे दिखते थे। ऐसे में CCTV फुटेज में भी सिर्फ एक ही रंग का ट्रक नजर आता था और उसकी पहचान करना मुश्किल हो जाता था। पुलिस का मानना है कि इसी तरीके से सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देने की कोशिश की जाती थी।
पुराने नंबर और गुप्त चेंबर का भी इस्तेमाल
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ ट्रकों में 15 साल पुराने, बंद हो चुके वाहनों के नंबर लगाए जाते थे। इतना ही नहीं, कुछ ट्रकों में गुप्त चेंबर भी बनाए गए थे। आरोप है कि इनमें स्क्रैप या लोहा छिपाकर प्लांट से बाहर ले जाया जाता था।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगा रही हैं कि इन ट्रकों की जांच के दौरान यह सब पकड़ में क्यों नहीं आया और आखिर इतने लंबे समय तक यह तरीका कैसे चलता रहा।
वजन बराबर रखने के लिए पहिए तक उतार दिए जाते थे
पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ ट्रकों के साथ अलग ही तरीका अपनाया जाता था। आरोप है कि ये ट्रक 18 पहियों के साथ प्लांट में दाखिल होते थे, लेकिन बाहर निकलते समय 16 पहियों के साथ निकलते थे।
जांच के मुताबिक, प्लांट के अंदर ही ट्रक के दो पहिए उतार दिए जाते थे। इसके बाद जितना वजन उन पहियों का होता था, उतने ही वजन का करीब 200 किलो स्क्रैप ट्रक में भर दिया जाता था। इससे ट्रक का कुल वजन लगभग वही रहता था और वजन जांच के दौरान किसी तरह का बड़ा अंतर दिखाई नहीं देता था।
गोदाम में होती थी छंटाई और दूसरी गाड़ियों में शिफ्टिंग
पुलिस जांच के मुताबिक, प्लांट से बाहर निकलने के बाद चोरी का लोहा सीधे खरीदार के पास नहीं भेजा जाता था। पहले उसे अकलोरडीह स्थित गोदाम में उतारा जाता था। यहां लोहे की छंटाई की जाती थी और जरूरत पड़ने पर उसे दूसरी गाड़ियों में भी शिफ्ट किया जाता था।
आरोप है कि इसी गोदाम में फ्ल्यू डस्ट अलग की जाती थी और लोहे को अलग-अलग खरीदारों तक भेजने की तैयारी होती थी। पुलिस के मुताबिक, इसी जगह से पूरे नेटवर्क की सप्लाई चेन संचालित होती थी।
फर्जी बिल से चोरी का लोहा बन जाता था ‘लीगल’
आरोप है कि इसके बाद AK Traders के जरिए कथित तौर पर फर्जी बिल तैयार किए जाते थे, ताकि लोहे को वैध माल दिखाया जा सके। इसके बाद यही लोहा रायपुर समेत दूसरे शहरों की रोलिंग मिलों तक पहुंचाया जाता था, जहां उसे बेच दिया जाता था।
इस तरह पुलिस के मुताबिक, प्लांट से लेकर गोदाम और फिर खरीदार तक पूरा नेटवर्क पहले से तय तरीके से काम करता था।
ऐसे कमाता था पूरा सिंडिकेट
पुलिस जांच के मुताबिक, प्लांट से निकाला गया चोरी का लोहा सबसे पहले करीब 32 रुपए प्रति किलो की दर से दलालों को बेचा जाता था। इसके बाद दलाल यही लोहा AK Traders को देते थे। फिर AK Traders इसे करीब 36 रुपए प्रति किलो में रोलिंग मिलों तक पहुंचाता था। यानी एक ही लोहा कई हाथों से होकर गुजरता था। हर चरण में उसकी कीमत बढ़ती जाती थी। जबकि बाजार में इसी लोहे की कीमत करीब 50 से 55 रुपए प्रति किलो बताई गई है। पुलिस का मानना है कि इसी अंतर से पूरे नेटवर्क में शामिल लोग मोटा मुनाफा कमाते थे।
रोजाना करीब 20 ट्रकों में से 3 ट्रकों का इस्तेमाल कथित तौर पर लोहा चोरी के लिए किया जाता था।
रोजाना करीब 20 ट्रकों में से 3 ट्रकों का इस्तेमाल कथित तौर पर लोहा चोरी के लिए किया जाता था।
हर दिन कितना लोहा बाहर जाता था?
पुलिस जांच के मुताबिक, रोजाना करीब 20 ट्रकों में से 3 ट्रकों का इस्तेमाल कथित तौर पर लोहा चोरी के लिए किया जाता था। वहीं, कुछ सूत्रों का दावा है कि कई दिनों में कम से कम 5 ट्रकों से लोहा प्लांट से बाहर भेजा जाता था। एक दिन में करीब 200 टन तक लोहा बाहर निकाले जाने का अनुमान है और यह पूरा खेल सप्ताह में करीब चार दिन चलता था। अगर इसी पैटर्न को आधार मानकर जनवरी 2026 से जून 2026 तक का हिसाब लगाया जाए, तो करीब 20,800 टन (2.08 करोड़ किलो) लोहा प्लांट से बाहर गया होगा। बाजार में लोहे की कीमत 50 से 55 रुपए प्रति किलो के हिसाब से देखें, तो इसकी अनुमानित कीमत करीब 104 से 114 करोड़ रुपए बैठती है।




