- August 13, 2026
टंकी मरोदा में गूंजा भारत माता की जय, निकली भव्य विशाल तिरंगा यात्रा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। आजादी के अमृत महोत्सव एवं “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी मरोदा-पुरैना मंडल द्वारा टंकी मरोदा स्थित मैत्री गार्डन चौक से एक भव्य एवं विशाल “तिरंगा यात्रा” का आयोजन किया गया। यात्रा का नेतृत्व दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर ने किया।
मैत्री गार्डन चौक से प्रारंभ हुई यह तिरंगा यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आजाद मार्केट चौक पहुंची। यात्रा में हाथों में तिरंगा लिए हजारों की संख्या में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग, स्कूली बच्चे एवं कार्यकर्ता “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “जय श्री राम” के उद्घोष के साथ शामिल हुए। पूरे मार्ग में देशभक्ति के गीतों से वातावरण देशमय हो गया।
यात्रा की सबसे आकर्षक झांकी स्कूली बच्चों की रही। हाथों में तिरंगा और सिर पर केसरिया पट्टियां बांधे बच्चों ने “भारत माता की जय” के नारे लगाकर सभी का मन मोह लिया।
यात्रा का समापन आजाद मार्केट चौक पर अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने शहीद आजाद जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि “तिरंगा हमारी आन, बान और शान है। यह यात्रा हमें शहीदों के बलिदान की याद दिलाती है। चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह जैसे वीरों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज जन-जन का अभियान बन गया है।”
उन्होंने कहा “आज इस यात्रा में स्कूली बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, महिलाओं से लेकर युवाओं तक सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों में देशभक्ति का जोश देखकर लगता है कि हमारा भविष्य सुरक्षित हाथों में है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास के साथ-साथ राष्ट्रवाद की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। मरोदा-पुरैना मंडल के कार्यकर्ताओं ने इस तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक बनाया है।”
विधायक जी ने सभी से आह्वान किया कि “15 अगस्त को अपने घरों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराएं और देश की एकता-अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लें।”
कार्यक्रम में मरोदा-पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू जंघेल, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष तृप्ति चंद्राकर, मंडल प्रभारी दिनेश देवांगन, जयश्री राजपूत, जिला मंत्री गायत्री वर्मा, निलेश अग्रवाल, रिसाली मंडल अध्यक्ष अनुपम साहू, जिला मंत्री शैलेन्द्र शेंडे, कार्यक्रम प्रभारी गिरेश साहू, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष शिखा तिवारी, रिसाली निगम विधायक प्रतिनिधि गोविंद साहू, नेता प्रतिपक्ष शैलेन्द्र साहू, पार्षदगण एवं समस्त मरोदा-पुरैना मंडल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




