- August 13, 2026
दुर्ग से रामभक्तों को अयोध्या के लिए किया गया रवाना, विधायक ललित चंद्राकर ने हरी झंडी दिखाकर रामलला तीर्थ यात्रा को किया रवाना

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सुशासन सरकार की महत्वाकांक्षी “श्री रामलला तीर्थ यात्रा योजना” के अंतर्गत दुर्ग जिले से रामभक्तों का जत्था आज अयोध्या धाम की पावन यात्रा के लिए रवाना हुआ।
दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर ने दुर्ग रेलवे स्टेशन से श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर यात्रा के लिए रवाना किया और सभी रामभक्तों को सफल, सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि “प्रभु श्रीराम हम सभी के आराध्य हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने ‘श्री रामलला तीर्थ यात्रा योजना’ प्रारंभ कर प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों और श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में रामलला के दर्शन का सौभाग्य प्रदान किया है।”
उन्होंने कहा “यह योजना सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्था को समर्पित है। प्रभु श्रीराम के पावन धाम अयोध्या की यह यात्रा निश्चित रूप से सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर आएगी। मैं प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करता हूं कि सभी यात्रियों की यात्रा निर्विघ्न और मंगलमय हो।”
विधायक जी ने कहा कि “हमारी सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास के साथ-साथ संस्कृति और आस्था को भी सहेजने का काम कर रही है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण के बाद अब छत्तीसगढ़ के लोग भी आसानी से प्रभु के दर्शन कर पा रहे हैं, यह हमारे लिए गर्व की बात है।”
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे जी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कुलेश्वरी देवांगन जी, सरपंच संघ अध्यक्ष श्री ओमेश्वर राजू यादव जी, नगपुरा के पूर्व सरपंच श्री सुखदेव देवांगन जी, रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।




