• August 20, 2026

पं. प्रदीप मिश्रा जी ने शासकीय स्कूलों में मंत्रोच्चारण की पहल की सराहना की, कथा सुनने पहुंचे शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, शिव महापुराण कथा में हुए लीन

पं. प्रदीप मिश्रा जी ने शासकीय स्कूलों में मंत्रोच्चारण की पहल की सराहना की, कथा सुनने पहुंचे शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, शिव महापुराण कथा में हुए लीन

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज

 

दुर्ग। विश्व प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा जी के श्रीमुख से भिलाई के जयंती स्टेडियम में चल रही श्री शिव महापुराण कथा में आज कैबिनेट मंत्री श्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए। उन्होंने व्यासपीठ पर पहुंचकर पंडित प्रदीप मिश्रा जी का आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं के बीच बैठकर कथा का श्रवण किया। उन्होंने आरती में भी सहभागिता की और भगवान शिव से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
कथा के दौरान व्यासपीठ से पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा जी ने छत्तीसगढ़ के शासकीय स्कूलों में प्रार्थना के समय मंत्रोच्चारण की पहल की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन में शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक चेतना का भी विशेष महत्व है। स्कूलों में मंत्रोच्चारण जैसी पहल बच्चों को अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनके मन में एकाग्रता, आत्मविश्वास और अच्छे विचारों का भाव विकसित करने में सहायक होगी। पंडित जी ने शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव एवं छत्तीसगढ़ शासन के इस प्रयास को बच्चों के सर्वांगीण विकास और संस्कारवान पीढ़ी के निर्माण की दिशा में सराहनीय कदम बताया। उन्होंने कहा कि बचपन में मिले अच्छे संस्कार जीवनभर व्यक्ति के व्यक्तित्व और चरित्र को मजबूत बनाते हैं।
शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि आज जयंती स्टेडियम में पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा जी के श्रीमुख से श्री शिव महापुराण कथा सुनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि पंडित जी से आत्मीय भेंट के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कारवान बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान और रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि बच्चों के चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों और संस्कारों के विकास का भी आधार है। स्कूलों में प्रार्थना और मंत्रोच्चारण के माध्यम से बच्चों में सकारात्मक सोच, अनुशासन और भारतीय संस्कृति के प्रति जुड़ाव बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से समृद्ध नई पीढ़ी ही विकसित और सशक्त छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगी।
मंत्री श्री यादव ने इस भव्य धार्मिक आयोजन के लिए बोल बम सेवा समिति के संयोजक श्री दया सिंह एवं उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने विश्व के सबसे बड़े अस्थायी पंडाल का वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करने पर आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ और दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
उल्लेखनीय है कि 17 अगस्त से जयंती स्टेडियम में पंडित प्रदीप मिश्रा जी द्वारा श्री शिव महापुराण कथा का वाचन किया जा रहा है। कथा सुनने के लिए छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों और जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भिलाई पहुंच रहे हैं। आज कथा का चौथा दिन रहा। कथा के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा जी ने भगवान शिव में विश्वास और सच्ची श्रद्धा के महत्व को बताया। उन्होंने कहा कि शिव महापुराण मनुष्य के भीतर विश्वास और भरोसा पैदा करती है। उन्होंने ‘श्री शिवाय नमस्तुभ्यं’ मंत्र के महत्व और महिमा पर भी प्रकाश डाला तथा श्रद्धालुओं को भगवान शिव की भक्ति और नियमित जलाभिषेक के महत्व के बारे में बताया।


Related News

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने सेलूद एवं जेवरा सिरसा धान संग्रहण केंद्र का किया निरीक्षण

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने सेलूद एवं जेवरा सिरसा धान संग्रहण केंद्र…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   सेलूद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार प्रदेश में धान उपार्जन एवं संग्रहण…
विधायक ललित चंद्राकर आजाद मार्केट के युवान फिटनेस सेंटर के 7वें स्थापना दिवस में हुए शामिल, 33 यूनिट रक्तदान की सराहना की

विधायक ललित चंद्राकर आजाद मार्केट के युवान फिटनेस सेंटर के 7वें स्थापना…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज     दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास…
राजीव गांधी की जयंती पर मध्य ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा वृक्षारोपण किया गया

राजीव गांधी की जयंती पर मध्य ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा वृक्षारोपण किया…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती के अवसर…