- September 5, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन पर भाजपा चलाएगी सेवा संकल्प अभियान, दुर्ग में जिला कार्यशाला का आयोजन

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 17 सितंबर को जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के दिशा-निर्देशानुसार दुर्ग जिला भाजपा द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन जिला भाजपा कार्यालय में दिनांक 6 सितंबर दिन रविवार को दोपहर 2:00 बजे से किया जा रहा है। यह कार्यशाला जिला भाजपा अध्यक्ष श्री सुरेंद्र कौशिक की अध्यक्षता में आयोजित की गई है।
आयोजित कार्यशाला को मुख्य रूप से भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्री यशवंत जैन संबोधित करेंगे। बैठक में दुर्ग जिले के सभी प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ नेतागण विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
कार्यशाला की जानकारी देते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष श्री सुरेंद्र कौशिक ने कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का जीवन अंत्योदय और राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा है। उनका जन्मदिवस हमारे लिए उत्सव के साथ-साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का संकल्प लेने का अवसर है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस पूरे माह जमीन पर उतरकर जनसेवा के कार्यों में अपनी पूरी ऊर्जा लगाएगा।”
श्री कौशिक ने आगे बताया कि यह ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से प्रारंभ होकर 17 अक्टूबर तक पूरे एक माह चलेगा। इस दौरान जिले भर में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य परीक्षण और पौधारोपण जैसे विभिन्न सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के सुचारु संचालन के लिए जिला स्तर से लेकर मंडल स्तर तक टोलियों का गठन कर दायित्व सौंपे गए हैं। दुर्ग जिले से संयोजक की जिम्मेदारी दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर को दी गई है। जिला टोली में उनके साथ जिला महामंत्री श्री विनोद अरोरा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती तृप्ति चंद्राकर, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री हिमांशु सिंह और डॉ. मानसी गुलाटी को सदस्य बनाया गया है। मंडल स्तर पर भी समन्वय बनाकर पूरे माह कार्यक्रमों को गति दी जाएगी।




