- September 17, 2026
भगवान विश्वकर्मा जयंती पर निगम में पूजा-अर्चना निगम में विराजे कर्म के देवता भगवान विश्वकर्मा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। नगर पालिक निगम। नगर पालिक निगम दुर्ग में आज भगवान श्री विश्वकर्मा जयंती श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। निगम मुख्यालय स्थित कर्मशाला विभाग सहित वाहन शाखा, 42 एमएलडी फिल्टर प्लांट एवं जलकार्य विभाग स्थित हिंदी भवन विद्युत विभाग में भगवान श्री विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
नगर निगम मुख्यालय के कर्मशाला भवन में आयोजित मुख्य पूजा-अर्चना में महापौर अलका बाघमार, आयुक्त लीना कोसम, सभापति श्याम शर्मा एवं एमआईसी सदस्य लीना दिनेश देवांगन, ज्ञानेश्वर ताम्रकर सहित पार्षदगण, अधिकारी एवं कर्मचारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर निगम एवं शहर की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि पौराणिक मान्यता के अनुसार भगवान श्री विश्वकर्मा शिल्प, निर्माण एवं सृजन के देवता हैं। इसी कारण कामगार, कारीगर, तकनीकी कर्मचारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े श्रमिक श्रद्धाभाव से भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना करते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद कर्म और सृजन के क्षेत्र में नई ऊर्जा प्रदान करता है।
महापौर एवं सभापति ने इस अवसर पर समस्त शहरवासियों को भगवान श्री विश्वकर्मा जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कर्म के देवता भगवान विश्वकर्मा की जयंती को सभी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाएं तथा अपने कार्य के प्रति निष्ठा और समर्पण का संकल्प लें।
विद्युत कर्मचारियों को वितरित की टूल किट बॉक्स वितरित,
भगवान श्री विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने विद्युत विभाग के प्रभारी ज्ञानेश्वर ताम्रकर एवं विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में विद्युत विभाग के लाइनमैन कर्मचारियों को टूल किट बॉक्स सामग्री का वितरण किया।
महापौर ने कहा कि विद्युत कर्मचारियों का कार्य जोखिमपूर्ण होता है, इसलिए कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का उपयोग बेहद आवश्यक है। उन्होंने कर्मचारियों को सुरक्षित ढंग से कार्य करने की अपील की।
निगम के विभिन्न विभागों में आयोजित पूजा-अर्चना कार्यक्रम में
अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर पार्षद रंजीता पाटिल, सुरूचि उमरे, नीरा खिचरिया, साजन जोसफ, ललित ढीमर, मनीष कोठारी, सावित्री दमाहे, युवराज कुंजम, जितेंद्र महोबिया,मनोज सोनी, जितेंद्र ताम्रकर एवं प्रकाश गीते,एल्डरमेन अनूप सोनी, भवन अधिकारी प्रकाश चंद थवानी, सहायक अभियंता गिरीश दीवान एवं राजेन्द्र धबाले,आरके बोरकर,दुर्गेश गुप्ता, जलकार्य निरीक्षक नारायण ठाकुर, कर्मशाला अधीक्षक शोएब अहमद, फिल्टर प्लांट एवं कर्मशाला विभाग के कर्मचारी, सूरज सारथी, समस्त वाहन चालक सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




