• September 22, 2026

रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने शुरू किया संगठनात्मक बैठकों का दौर

रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने शुरू किया संगठनात्मक बैठकों का दौर

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज

 

 

दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी आगामी रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर पूरी तरह चुनावी मोड में आ गई है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से छोटी-छोटी बैठकों के बाद मंगलवार को रिसाली के मैत्री कुंज स्थित आशीर्वाद भवन में बड़ी संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा संगठन महामंत्री श्री पवन साय की मुख्य उपस्थिति तथा जिला भाजपा अध्यक्ष श्री सुरेंद्र कौशिक की अध्यक्षता रही।

बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री अखिलेश सोनी, दुर्ग संभाग प्रभारी श्री जगन्नाथ पाणिग्रही, दुर्ग जिला संगठन प्रभारी श्री नंदन जैन, कैबिनेट मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, सांसद श्री विजय बघेल, विधायक श्री ललित चंद्राकर, श्री ईश्वर साहू, छत्तीसगढ़ अक्षय ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सावन्नी, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष एवं रिसाली नगर निगम चुनाव प्रभारी श्री अनुराग सिंह देव, भाजपा प्रदेश मंत्री श्री जितेंद्र वर्मा, छत्तीसगढ़ खादी ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष श्री राकेश पांडेय, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री जितेंद्र साहू, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती रमशिला साहू, पूर्व विधायक श्री सांवलाराम डहरे, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष श्री प्रितपाल बेल चंदन, रिसाली नगर निगम चुनाव सह प्रभारी डॉ. श्वेता शर्मा, श्री अंशु चंद्रवंशी, जिला महामंत्री श्री दिलीप साहू एवं श्री विनोद अरोरा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों, वार्डवार रणनीति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और जनसंपर्क अभियान सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं को महापौर सहित सभी वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों को लेकर सुझाव भी प्राप्त किए गए।

‘हमन जीतबो’ के संकल्प के साथ मैदान में उतरेगी भाजपा : पवन साय

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा संगठन महामंत्री श्री पवन साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसी पार्टी है, जिसने राष्ट्रवाद की विचारधारा को सर्वोपरि रखते हुए जनसेवा और मानव कल्याण को हमेशा अपनी प्राथमिकता बनाया है। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति हमारे कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ताओं की एकजुटता के बल पर भाजपा रिसाली नगर निगम चुनाव में मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे और महापौर सहित सभी वार्डों में भाजपा की जीत के लिए पूरी ताकत से कार्य करेंगे।

विकास और सुशासन को लेकर जनता के बीच जाएं कार्यकर्ता : गजेन्द्र यादव

कैबिनेट मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार का मूल आधार विकास, सुशासन और जनकल्याण है। सरकार द्वारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएं तथा प्रत्येक वार्ड के नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करें। संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से रिसाली नगर निगम चुनाव में पार्टी को मजबूती मिलेगी।

कार्यकर्ता की मेहनत ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत : विजय बघेल

सांसद श्री विजय बघेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से मजबूत हुआ है। चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि रिसाली नगर निगम क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ जनता के बीच पहुंचें और केंद्र एवं राज्य सरकार के विकास कार्यों तथा जनहितकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।

संगठन की एकजुटता से हासिल करेंगे लक्ष्य : सुरेंद्र कौशिक

जिला भाजपा अध्यक्ष श्री सुरेंद्र कौशिक ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा संगठन पूरी तरह तैयार है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की मेहनत से चुनावी तैयारियों को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘हमन जीतबो’ के संकल्प के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में पूरी सक्रियता से कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए प्रत्येक मतदाता तक पहुंचना भाजपा की प्राथमिकता है।

जनता के विश्वास को जीत में बदलने के लिए जुटें कार्यकर्ता : ललित चंद्राकर

दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता हमेशा संगठन और जनता के बीच सेतु का कार्य करता है। रिसाली नगर निगम क्षेत्र में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने लंबे समय से जनता के बीच रहकर सेवा का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करे तथा वार्ड स्तर पर जनता से संवाद को और मजबूत बनाए। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी चुनाव में मजबूती के साथ अपना पक्ष रखेगी।

तीन जनप्रतिनिधियों ने थामा भाजपा का दामन

बैठक के पश्चात भाजपा की रीति-नीति एवं विचारधारा से प्रभावित होकर तीन जनप्रतिनिधियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। नगर पंचायत उतई के पार्षद श्री शिव ठाकुर, जनपद सदस्य क्रमांक-3 श्री नंद कुमार सिंह तथा जनपद सदस्य क्रमांक-19 श्री लोमस सिंह ठाकुर ने भाजपा का गमछा पहनकर पार्टी में प्रवेश किया। उपस्थित भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए संगठन को मजबूती प्रदान करने में सक्रिय भूमिका निभाने की शुभकामनाएं दीं।
आयोजित बैठक को छत्तीसगढ़ अक्षय ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष और नगर निगम चुनाव के प्रभारी अनुराग सिंह देव ने भी संबोधित किया
आयोजित बैठक का संचालन जिला महामंत्री दिलीप साहू ने किया एवं आभार जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह परिहार ने किया

बैठक में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रिसाली नगर निगम चुनाव में संगठन की मजबूती, जनसंपर्क और चुनावी तैयारियों को लेकर एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
आयोजित बैठक में जिला भाजपा के पदाधिकारी मंडल रिसाली एवं मरौदा पुरैना के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अपेक्षित श्रेणी के उपस्थित रहे |


Related News

भूपेश बघेल के काफिले पर हमला लोकतंत्र के लिए काला संकेत, दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई : आर. एन. वर्मा

भूपेश बघेल के काफिले पर हमला लोकतंत्र के लिए काला संकेत, दोषियों…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   असम में चुनावी कार्यक्रम से लौटते समय छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं अखिल…
कुशल और सक्षम युवा शक्ति ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला : शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव

कुशल और सक्षम युवा शक्ति ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला :…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज     दुर्ग। इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएमएआई) द्वारा बीआईटी कॉलेज दुर्ग…
असम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर हुए कायरतापूर्ण जानलेवा हमले पर भाजपा सरकार, अमित शाह और हिमंता बिस्वा सरमा पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर का करारा हमला

असम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर हुए कायरतापूर्ण जानलेवा हमले पर…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज दुर्ग। असम के नगांव में लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय…