- September 25, 2026
पं दीनदयाल उपाध्याय जी के विचारों में अंत्योदय और राष्ट्रसेवा का मार्ग – मंत्री गजेन्द्र यादव

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। एकात्म मानववाद के प्रणेता, महान राष्ट्रचिंतक एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर दुर्ग बस स्टैंड स्थित उनकी प्रतिमा पर कैबिनेट मंत्री एवं दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने पुष्पहार अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किये।
इस अवसर पर मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान और सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने राजनीति को सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का साधन माना। उनका अंत्योदय का विचार आज भी जनकल्याण और समावेशी विकास की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करता है।
मंत्री श्री यादव ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी द्वारा प्रतिपादित एकात्म मानववाद भारतीय संस्कृति, मानवीय मूल्यों और राष्ट्रहित को केंद्र में रखकर विकास की ऐसी समग्र दृष्टि प्रस्तुत करता है, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और सहभागिता की भावना निहित है। उनका चिंतन भारत की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक आवश्यकताओं के अनुरूप आत्मनिर्भर एवं सशक्त राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के कल्याण को केंद्र में रखकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। अंत्योदय की भावना से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और शासन की सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के विचारों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर जिला भाजपा के सभी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




