- October 7, 2026
सेवा के रंग,राष्ट्र के संग कार्यक्रम में रंगों से उकेरा विकसित भारत 2047 का सपना, 76×76 फीट की विशाल रंगोली बनी आकर्षण का केंद्र

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। सेवा, समर्पण और राष्ट्रभावना के संगम का अद्भुत दृश्य आज बेमेतरा के ग्राम पंचायत कंतेली स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में देखने को मिला। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और राष्ट्र-समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर जिला प्रशासन बेमेतरा द्वारा आयोजित “सेवा के रंग, राष्ट्र के संग”* कार्यक्रम के अंतर्गत बनाई गई 76 फीट x 76 फीट की विशाल भव्य रंगोली ने सभी का मन मोह लिया।
यह रंगोली केवल रंगों का संयोजन नहीं, बल्कि 2047 के विकसित भारत की जीवंत परिकल्पना थी। रंगोली में आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण, किसान समृद्धि, युवा शक्ति, स्वच्छ भारत, अंतरिक्ष में भारत की उड़ान, और एकता में अखंड भारत की झलक को अत्यंत कलात्मकता के साथ दर्शाया गया था। तिरंगे के तीन रंगों, सेवा के प्रतीक दीये, और प्रगति के प्रतीक चिन्हों से सजी यह रंगोली हजारों की संख्या में आए जनमानस के लिए सेल्फी और प्रेरणा का केंद्र बनी रही।
*25 वर्ष – सेवा का अटूट संकल्प*
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि यह आयोजन प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के निष्कलंक, निस्वार्थ और राष्ट्र-समर्पित सार्वजनिक जीवन को समर्पित था। 2001 से मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी सेवा यात्रा से लेकर 2014 से प्रधानमंत्री के रूप में भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में उनके संकल्प तक, रंगोली में इस 25 वर्षीय सेवा यात्रा की झलकियों को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाया गया। रंगोली के मध्य में प्रज्वलित सेवा ज्योति कलश और उसके चारों ओर विकसित भारत @2047 का संकल्प इस बात का प्रतीक था कि सेवा ही सच्चा राष्ट्रधर्म है।
*हजारों की उपस्थिति, मंत्रमुग्ध हुए दर्शक*
सुबह 9 बजे से प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम में प्रबुद्ध नागरिकगण , जनप्रतिनिधियों, और हजारों की संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। 76×76 फीट की इस वृहद रंगोली को बनाने के लिए स्थानीय कलाकारों, महिला समूहों और युवाओं की टीम ने अथक परिश्रम किया। प्राकृतिक रंगों, फूलों और अनाज का उपयोग कर बनाई गई यह पर्यावरण-अनुकूल रंगोली स्वच्छता और संस्कृति का भी संदेश दे रही थी।
जैसे ही दर्शकों ने स्टेडियम के गैलरी से इस विशाल रंगोली को देखा, हर जुबान से वाह निकला। रंगोली के पास खड़े होकर “विकसित भारत हम बनाएंगे” का संकल्प लिया, तो महिलाओं ने सेवा के इस रंग को अपने आंचल में समेटने की बात कही। जनमानस ने कहा कि यह रंगोली केवल देखने की वस्तु नहीं, बल्कि आने वाले 25 वर्षों के भारत का रोडमैप है।
*सेवा के रंग, राष्ट्र के संग का दिया संदेश*
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि “सेवा के रंग” कार्यक्रम का उद्देश्य कला के माध्यम से राष्ट्रभावना को जागृत करना है। जब रंगोली में किसान खेत में लहलहाता दिखे, जवान सीमा पर अडिग दिखे, वैज्ञानिक चंद्रयान के साथ दिखे और बेटियां स्कूल जाती दिखें, तो समझ आता है कि विकसित भारत का सपना कोई सरकारी नारा नहीं, बल्कि जन-जन का संकल्प है।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में स्वच्छता, रक्तदान, पोषण, एक पेड़ माँ के नाम, और सेवा ज्योति कलश यात्रा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उसी श्रृंखला में यह रंगोली कार्यक्रम लोगों को सेवा से जोड़ने का एक सृजनात्मक प्रयास है।
अंत में सभी ने एक स्वर में विकसित भारत @2047 के संकल्प के साथ सेवा की इस यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया। रंगोली के चारों ओर लगाए गए सेवा, समर्पण और समृद्धि के नारों ने पूरे स्टेडियम को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम में केश शिल्पी बोर्ड के अध्यक्ष श्री गौरीशंकर श्रीवास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री दयाल दास बघेल, विधायक श्री दीपेश साहू, विधायक श्री ईश्वर साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री विजय सिंहा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री अजय साहू, छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद रजक, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री जितेंद्र साहू, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, पत्रकार बंधु एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा,योगेश कुमार तिवारी, 9425564553,6265741003,




