- October 12, 2026
दुर्ग नवनिर्माण समिति का भव्य दो दिवसीय गरबा उत्सव 14 एवं 15 अक्टूबर को, राग बैंड और एंकर ऐश्वर्या साहू रहेंगी आकर्षण का केंद्र

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। दुर्ग नवनिर्माण समिति द्वारा नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित होने वाला भव्य गरबा उत्सव इस वर्ष अपने तीसरे वर्ष में प्रवेश कर रहा है। यह आयोजन केवल गरबा नृत्य तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और मां दुर्गा की आराधना का उत्सव है। इसमें सभी वर्गों के लोग उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। कार्यक्रम का आयोजन 14 एवं 15 अक्टूबर 2026 को शाम 7 बजे से हॉकी ग्राउंड, सिविल लाइन, दुर्ग में किया जाएगा।
समिति के संरक्षक एवं जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग शहर के अध्यक्ष तथा नगर निगम दुर्ग के पूर्व महापौर **श्री धीरज बाकलीवाल** ने कहा कि गरबा उत्सव हमारी सांस्कृतिक परंपराओं, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। दुर्ग नवनिर्माण समिति का प्रयास है कि इस आयोजन के माध्यम से सभी वर्गों के लोगों को एक ऐसा मंच मिले, जहां वे परिवार सहित उत्सव का आनंद ले सकें और मां दुर्गा की भक्ति में सहभागी बनें। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
**दुर्ग नवनिर्माण समिति के अध्यक्ष ने कहा* गौरव उमरे ने कहा * कि समिति द्वारा लगातार तीसरे वर्ष इस गरबा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष लोगों का उत्साह और सहभागिता इस आयोजन को विशेष बनाती है। इस वर्ष भी सभी तैयारियां उत्सव को भव्य, व्यवस्थित, सुरक्षित और यादगार बनाने के उद्देश्य से की जा रही हैं।
### इस बार खास होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम और आकर्षक प्रस्तुतियां
इस वर्ष गरबा उत्सव में जबलपुर का प्रसिद्ध **राग बैंड** अपनी प्रस्तुति देगा। कार्यक्रम में एंकर के रूप में **ऐश्वर्या साहू** मौजूद रहेंगी। आयोजन में शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, राजनीतिक दलों के नेताओं एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों की सहभागिता भी रहेगी। पूर्व मुख्यमंत्री **श्री भूपेश बघेल** भी हर वर्ष की परंपरा के अनुरूप इस बार गरबा उत्सव में अपनी सहभागिता प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम में अतिथियों को शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही खान-पान के विभिन्न स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिससे परिवार सहित आने वाले लोगों को उत्सव का भरपूर आनंद मिल सके।
### गरबा प्रशिक्षण शिविर का भी आयोजन
गरबा प्रेमियों को बेहतर तैयारी का अवसर देने के लिए **12 एवं 13 अक्टूबर 2026 को अर्शदीप इवेंट द्वारा शकुंतला मंगलम में गरबा प्रशिक्षण शिविर** आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का समय दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है। इसमें प्रतिभागी गरबा के नए-नए स्टेप्स और पारंपरिक नृत्य की बारीकियां सीख सकते हैं। नए प्रतिभागियों के लिए यह शिविर विशेष रूप से उपयोगी रहेगा।
### प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार
गरबा उत्सव में प्रतिभागियों के उत्साह को बढ़ाने के लिए विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें **बेस्ट ड्रेस, बेस्ट जोड़ी, बेस्ट डांस और बेस्ट ग्रुप डांस** शामिल हैं। इसके अलावा, इंस्टाग्राम पर कार्यक्रम से संबंधित रील साझा करने वाले प्रतिभागियों को उनकी रील की पहुंच (रीच) के आधार पर भी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
### सुरक्षा, पार्किंग और अन्य सुविधाओं की विशेष व्यवस्था
समिति द्वारा आयोजन स्थल पर महिलाओं एवं पुरुषों की सुरक्षा के लिए अलग-अलग महिला और पुरुष बाउंसर तैनात किए जाएंगे। परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा यातायात बाधित न हो, इसके लिए उचित पार्किंग व्यवस्था भी की जा रही है।
आयोजन में शामिल होने के लिए **निःशुल्क प्रवेश पास** उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिनके लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए फोटो स्कैनिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन में आईएनएचके के प्रधान संपादक **श्री हिमांशु द्विवेदी** सहित छत्तीसगढ़ के फिल्मी कलाकारों की सहभागिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
दुर्ग नवनिर्माण समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ इस भव्य गरबा उत्सव में शामिल होकर मां दुर्गा की आराधना, पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक एकता के इस पर्व को सफल बनाएं।




