- October 12, 2026
पदयात्रियों की सेवा में जुटा लायंस क्लब, शिवनाथ नदी किनारे लगाया सेवा पंडाल, जलपान, भोजन, पेयजल, चिकित्सा और विश्राम की व्यवस्था से पदयात्रियों को मिल रही राहत

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग । क्वांर नवरात्रि के पावन पर्व पर मां बम्लेश्वरी के दर्शनार्थ डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्रियों की सेवा के लिए लायंस क्लब दुर्ग मिडटाउन द्वारा सराहनीय पहल की गई है। क्लब द्वारा शिवनाथ नदी के किनारे पृथ्वी पैलेस के पास सेवा पंडाल लगाया गया है, जहां पदयात्रियों के लिए जलपान, भोजन, पेयजल, विश्राम और चिकित्सा सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस सेवा पंडाल में पहुंचकर पदयात्री राहत महसूस कर रहे हैं। सेवा का यह सिलसिला 16 अक्टूबर तक जारी रहेगा। लायंस क्लब दुर्ग मिडटाउन के अध्यक्ष प्रहलाद रुंगटा ने बताया कि मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पदयात्रा कर डोंगरगढ़ पहुंच रहे हैं। लंबी दूरी तय करने वाले इन श्रद्धालुओं की थकान दूर करने और उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सेवा पंडाल में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां सुबह पदयात्रियों को नाश्ता और चाय उपलब्ध कराए जा रहे है, वहीं सुबह 11 बजे से भोजन की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा पेयजल, चिकित्सा सहायता और विश्राम की सुविधा सेवा पंडाल में उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि सेवा पंडाल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में पदयात्री पहुंच रहे हैं। नवरात्रि के इस पावन अवसर पर लायंस क्लब दुर्ग मिडटाउन के सदस्यों के साथ विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य भी बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभा रहे हैं। सभी सेवाभाव के साथ श्रद्धालुओं की मदद में जुटे हुए हैं। सेवा पंडाल में पहुंचे श्रद्धालुओं का कहना है कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा के लिए लायंस क्लब दुर्ग मिडटाउन के अलावा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं की यह सहभागिता सेवा, समर्पण और मानवता की भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है। मां बमलेश्वरी के दर्शन के लिए निकले पदयात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध कराकर सेवादार संस्था के पदाधिकारी श्रद्धा और भक्ति के साथ अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। सेवा पंडाल में लायंस क्लब दुर्ग मिडटाउन के अध्यक्ष प्रहलाद रुंगटा, नवीन जैन, अरविंद खंडेलवाल, सुधीर खंडेलवाल, खंडेलवाल समाज के अध्यक्ष संतोष खंडेलवाल, अग्रवाल समाज दुर्ग के अध्यक्ष ललित सेक्सरिया, मनोज अग्रवाल, पंकज कीर्तुका, संजय गर्ग, राधेश्याम कीर्तुका, नत्थूलाल अग्रवाल, विजय अग्रवाल, कैलाश रुंगटा, राधेश्याम सेक्सरिया, मनीष रुंगटा, अंशुल रुंगटा, पप्पू रुंगटा, नीतिन अग्रवाल, प्रकाश सोनी सहित विभिन्न समाजों के पदाधिकारी एवं समाजसेवी सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
—




