- October 16, 2026
वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पाटन में भूपेश बघेल ने दौड़ाया बुलेट, इधर दुर्ग ग्रामीण के मचांदुर से रिसामा तक भी निकली बाईक रैली

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के उपस्थिति में पाटन में प्रदर्शन, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू भी मचांदुर की बाइक रैली में हुए शामिल
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एफआईआर, गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग; पाटन और मचांदुर में पुतला दहन कर कांग्रेस ने जताया विरोध
दुर्ग। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर संचालित राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अंतर्गत पाटन और मचांदुर में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। पाटन में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल तथा जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर की उपस्थिति में विशाल बाइक रैली निकाली गई। वहीं, मचांदुर से रिसामा तक पूर्व गृहमंत्री श्री ताम्रध्वज साहू एवं जिलाध्यक्ष श्री राकेश ठाकुर की उपस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकालकर विरोध दर्ज कराया।
दोनों स्थानों पर कांग्रेसजनों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा तथा पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। कांग्रेस ने मतदाता सूची की पारदर्शिता, चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और आम नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए एफआईआर दर्ज करने, गिरफ्तारी, तत्काल इस्तीफे और पद से बर्खास्तगी की मांग की।
पाटन में भूपेश बघेल ने बुलेट चलाकर निकाली बाइक रैली, जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित हजारों कांग्रेसजन हुए शामिल
पाटन स्थित राजीव भवन में कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जहां कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर की उपस्थिति में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए। इसके बाद कांग्रेसजनों ने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत विशाल बाइक रैली निकाली, जो एसडीएम कार्यालय पहुंची।
रैली का सबसे आकर्षक दृश्य तब देखने को मिला, जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल युवाओं के रंग में रंगे नजर आए और खुद बुलेट चलाकर बाइक रैली में शामिल हुए। इस दौरान जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर भी बुलेट चलाते नजर आएं। सड़क पर बुलेट चलाते हुए श्री बघेल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्साह को और बढ़ा दिया। उनके साथ जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली में शामिल होकर लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा का संदेश दिया।
बाइक रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी की। रैली के एसडीएम कार्यालय पहुंचने के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, गिरफ्तारी की कार्रवाई करने, तत्काल इस्तीफा देने और उन्हें पद से बर्खास्त करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने के बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय के बाहर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
भूपेश बघेल बोले—जनता के वोट की ताकत से कोई समझौता नहीं
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान केवल कांग्रेस का राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा का संकल्प है। लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष चुनाव और स्वतंत्र संवैधानिक संस्थाओं पर निर्भर करती है। यदि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठते हैं, तो उनकी निष्पक्ष जांच और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनता का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जाएगी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे।
मचांदुर से रिसामा तक निकली विशाल बाइक रैली
पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर की मौजूदगी में प्रदर्शन, मचांदुर में ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन
पाटन के बाद दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के मचांदुर में भी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में मचांदुर से रिसामा तक विशाल बाइक रैली निकाली गई, जिसमें छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू तथा जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर की उपस्थिति में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
बाइक रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा, मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। मचांदुर से शुरू हुई रैली में कांग्रेसजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए केंद्र की भाजपा सरकार एवं निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग दोहराई। कार्यक्रम के अंतर्गत मचांदुर में उनका पुतला दहन किया गया। कांग्रेसजनों ने उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने, गिरफ्तारी की कार्रवाई करने, तत्काल इस्तीफा देने और पद से बर्खास्त करने की मांग उठाई।
पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा—लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोपरि
पूर्व गृहमंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोपरि होता है और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था लोकतांत्रिक प्रणाली की बुनियाद है। मतदाता सूची तथा चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर उठने वाले सवालों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है। मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनता की आवाज उठाती रहेगी।
राकेश ठाकुर बोले—मताधिकार की रक्षा के लिए जारी रहेगा संघर्ष
जिलाध्यक्ष श्री राकेश ठाकुर ने कहा कि पाटन से लेकर मचांदुर तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी यह दर्शाती है कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर पार्टी पूरी मजबूती के साथ खड़ी है। ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से कांग्रेस आम जनता को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही है।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अनिवार्य है। कांग्रेस पार्टी मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाती रहेगी और इस मुद्दे पर अपना आंदोलन जारी रखेगी।
इस दौरान आशीष वर्मा, हेमंत देवांगन,महेंद्र वर्मा, देवेंद्र चंद्रवंशी, सोहन बघेल,अश्वनी साहू, अशोक साहू,राजेश ठाकुर, मोहन साहू, जवाहर वर्मा, जय श्री वर्मा, उर्वशी वर्मा, लक्ष्मी पटेल, अजय सिंगौर,देवेश चंद्राकर, भेस आठे,आभाष दुबे, गोपाल देवांगन, मोती बघेल, नीरज सोनी, प्रशांत शुक्ला, डोमन भारती, मनोज कुर्रे, सालिक साहू, मोहित विश्वकर्मा, बिट्टू महानंद, देवेंद्र देशमुख, जामवंत गजपाल, राकेश हिरवानी, पिलेश्वर साहू, रिवेंद्र यादव, कृष्ना देवांगन, प्रह्लाद वर्मा, गीता महानंद, द्वारिका साहू, युगलकिशोर साहू, गजानंद साहू, तोषण साहू, जयप्रकाश साहू, स्नेहा डहरिया,सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।




