- October 23, 2026
दीपावली से पहले बंद एवं खराब स्ट्रीट लाइटों के सुधार के लिए 15 लाख रुपये की सामग्री क्रय, पार्षद एवं महापौर निधि से भी कराए गए कार्य

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्। नगर पालिक निगम। दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित 23 करोड़ से ज्यादा का बजट, फिर भी हजार से अधिक स्ट्रीट लाइट बंद शीर्षक से प्रकाशित समाचार के संबंध में नगर पालिक निगम, दुर्ग के विद्युत विभाग द्वारा स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया गया है कि निगम द्वारा विद्युत संधारण हेतु 23 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित नहीं है। निर्धारित बजट के अंतर्गत शहर की विद्युत व्यवस्था के सुचारु संचालन,रखरखाव, सुधार, विद्युत देयक एवं आवश्यक सामग्री क्रय सहित विभिन्न कार्य कराए जाते हैं।
नगर निगम द्वारा शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा नागरिकों को बेहतर प्रकाश सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पार्षद निधि एवं महापौर निधि के अंतर्गत भी स्ट्रीट लाइट क्रय करने की कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त विधायक निधि से लगभग 40 लाख रुपये की लागत से स्ट्रीट लाइट क्रय की गई हैं। वहीं, 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत 50 लाख रुपये की लागत से ट्यूबलर पोल क्रय कर विभिन्न स्थानों पर स्थापित किए जा रहे हैं।दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए शहर की प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने, नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्ट्रीट लाइटों के संधारण हेतु 15 लाख रुपये की लागत से आवश्यक सामग्री का क्रय भी किया गया है। इससे बंद एवं खराब स्ट्रीट लाइटों के सुधार कार्यों में तेजी लाई जा सकेगी तथा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में स्ट्रीट लाइटों के संचालन एवं संधारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि खराब स्ट्रीट लाइटों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनी रहे।नगर पालिक निगम, दुर्ग नागरिकों की सुविधाओं के प्रति प्रतिबद्ध है। शहर की प्रकाश व्यवस्था में सुधार के लिए उपलब्ध संसाधनों एवं विभिन्न मदों से प्राप्त निधियों का उपयोग करते हुए आवश्यक कार्य निरंतर कराए जा रहे हैं। निगम का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराना तथा सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है।




