- November 1, 2026
रामलीला मैदान में एक फ्रेम में दिखे मध्यप्रदेश के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के सुपुत्र, मुलाकात बनी चर्चा का विषय

ट्राई सिटी एक्सप्रेस न्यूज
नई दिल्ली। नई दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित ‘वोट बचाओ – देश बचाओ’ महारैली के दौरान एक खास तस्वीर सामने आई, जिसमें मध्यप्रदेश के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के सुपुत्र एक साथ नजर आए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं दुर्ग शहर के पूर्व विधायक श्री अरुण वोरा, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह के सुपुत्र श्री जयवर्धन सिंह तथा पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय श्री अर्जुन सिंह के सुपुत्र एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री अजय सिंह (राहुल भैया) एक ही फ्रेम में दिखाई दिए।
यह तस्वीर राजनीतिक और पारिवारिक विरासत के साथ कांग्रेस के इन वरिष्ठ नेताओं के बीच आपसी आत्मीयता और पुराने संबंधों की झलक भी प्रस्तुत करती है।
उल्लेखनीय है कि अरुण वोरा पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्रद्धेय श्री मोतीलाल वोरा जी के सुपुत्र हैं। वहीं जयवर्धन सिंह, श्री दिग्विजय सिंह तथा अजय सिंह, स्वर्गीय श्री अर्जुन सिंह के सुपुत्र हैं।
रामलीला मैदान में आयोजित इस महारैली के दौरान देशभर से आए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति के बीच इन तीनों नेताओं का एक साथ नजर आना विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।




