- November 2, 2026
सुशासन की सरकार में हर वर्ग का विकास हो रहा: विधायक ललित चंद्राकर

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस और राज्योत्सव के अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में सुशासन, विकास और जनकल्याण की नई इबारत लिखी जा रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के कुशल नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और गरीब, किसान, युवा, महिला व जरूरतमंद परिवारों के जीवन में ठोस बदलाव आए।
विधायक चंद्राकर ने कहा कि दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, अधोसंरचना और जनसुविधाओं के क्षेत्र में लगातार कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में सड़क, भवन, नाली, पुल-पुलिया, पेयजल और विद्युत व्यवस्था सहित बुनियादी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा – हमारा संकल्प है कि दुर्ग ग्रामीण को बेहतर सड़कें और आधुनिक सुविधाएं मिलें, ताकि आम नागरिकों का जीवन और अधिक सुविधाजनक बने। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
*किसानों, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण को मिली मजबूती*
विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में जनकल्याण और अंत्योदय की भावना को धरातल पर साकार करने के प्रयासों को निरंतर मजबूती मिली है। प्रदेश के 25 लाख से अधिक धान उत्पादक किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री धनधान्य कृषि योजना से किसानों को आर्थिक संबल मिलने के साथ कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल रही है।
विधायक ने उल्लेख किया कि प्रदेश के लगभग 73 लाख जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है और 22 लाख से अधिक गरीब परिवारों का पक्के आवास का सपना साकार हुआ है। जल जीवन मिशन से 41 लाख से अधिक ग्रामीण घरों तक नल से जल की सुविधा पहुँची है। लगभग 40 लाख परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन मिले हैं तथा करीब ढाई करोड़ आयुष्मान कार्डों के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा का दायरा व्यापक हुआ है। इसी प्रकार महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लगभग 68 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता उनके स्वावलंबन और आत्मसम्मान को सशक्त बना रही है।




