- November 5, 2026
इस दीपावली स्वदेशी उत्पादों से रोशन करें घर-आंगन, स्थानीय कारीगरों को दें प्रोत्साहन – विधायक ललित चंद्राकर

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर ने प्रदेशवासियों से इस दीपावली स्वदेशी दिवाली मनाने और स्थानीय बाजारों से खरीदारी कर छत्तीसगढ़ के कारीगरों, शिल्पकारों एवं छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों, उमंग और उत्साह का पर्व है। यह त्योहार केवल घरों को रोशन करने का ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के जीवन में खुशियों का उजाला लाने का अवसर भी है।
विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि दीपावली की खरीदारी करते समय विदेशी उत्पादों के स्थान पर स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, महिला स्व-सहायता समूहों एवं लघु उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें। मिट्टी के दीये, हस्तनिर्मित सजावटी सामग्री, पारंपरिक कलाकृतियां, खादी वस्त्र एवं ग्रामोद्योग के उत्पाद खरीदकर स्थानीय हुनर, परंपरा और मेहनत को सम्मान दें।
उन्होंने कहा कि स्थानीय बाजार किसी भी शहर और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला होता है। जब हम अपने शहर के बाजारों से खरीदारी करते हैं, तो इसका सीधा लाभ स्थानीय दुकानदारों, छोटे व्यापारियों, फुटकर विक्रेताओं, कारीगरों और उनके परिवारों तक पहुंचता है। त्योहारों के दौरान स्थानीय बाजारों में होने वाली खरीदारी से व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलती है, रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। इसलिए हमारी छोटी-सी खरीदारी भी किसी कारीगर के घर में खुशियां ला सकती है और किसी छोटे व्यापारी के व्यवसाय को नई ऊर्जा दे सकती है।
इसी क्रम में विधायक श्री चंद्राकर ने आजाद मार्केट रिसाली में आमजनों एवं व्यापारियों से मुलाकात कर स्वदेशी वस्तुएं अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे अपनी दुकानों में अधिक से अधिक स्वदेशी और स्थानीय उत्पाद रखें, ताकि ग्राहकों को स्थानीय सामान आसानी से उपलब्ध हो सके।
विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के *“वोकल फॉर लोकल”* और *“आत्मनिर्भर भारत”* के संकल्प को हमें इस दीपावली अपने आचरण में उतारना है। स्वदेशी अपनाना केवल खरीदारी नहीं, बल्कि अपने देश, अपनी मिट्टी और अपने लोगों के प्रति सम्मान है।
उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दीपावली सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशियों का उजाला लेकर आए। आइए, इस दीपावली हम संकल्प लें कि अपने घर-आंगन को स्वदेशी उत्पादों से रोशन करेंगे और स्थानीय कारीगरों के जीवन में भी खुशियों का दीया जलाएंगे।
—




