- November 14, 2026
वोट की ताकत से ही मजबूत होगा लोकतंत्र, मताधिकार की रक्षा के लिए गांव-गांव पहुंचेगी कांग्रेस : राकेश ठाकुर

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
उतई। लोकतंत्र की बुनियाद जनता का विश्वास है और इस विश्वास की सबसे बड़ी ताकत उसका वोट है। इसी लोकतांत्रिक अधिकार की रक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर संचालित ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के अंतर्गत जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) द्वारा जनसंपर्क और जनसंवाद का सिलसिला लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के अंतर्गत अंजोरा, चंदखुरी एवं उतई मंडल में मंडल स्तरीय जनचौपाल एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। दो स्थानों पर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों, कांग्रेसजनों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ बैठकर लोकतंत्र की वर्तमान चुनौतियों, मतदाता सूची की शुद्धता और आम नागरिकों के मतदान संबंधी अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की।
जनचौपाल को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनता की आवाज उसके वोट के माध्यम से ही सत्ता तक पहुंचती है। यदि मतदाता सूची में गड़बड़ी होती है, पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाते हैं अथवा चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं, तो यह केवल चुनावी व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे से जुड़ा गंभीर सवाल है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मताधिकार की सुरक्षा के लिए सड़क से लेकर गांव की चौपाल तक संघर्ष कर रही है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए राकेश ठाकुर ने कहा कि उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच एवं तत्काल गिरफ्तारी की कार्रवाई की जानी चाहिए। निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए उसकी कार्यप्रणाली पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह होना आवश्यक है।
राकेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर जनता को जागरूक करना कांग्रेस की प्राथमिकता है। हमारा उद्देश्य केवल राजनीतिक विरोध करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को यह समझाना है कि उसका एक-एक वोट कितना महत्वपूर्ण है। जब तक अंतिम मतदाता तक उसके अधिकारों की जानकारी नहीं पहुंचेगी, तब तक लोकतंत्र की मजबूती का संकल्प अधूरा रहेगा।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि घर-घर जाकर लोगों से संवाद करें। मतदाता सूची में अपना नाम जांचने, परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की अनियमितता के प्रति सजग रहने के लिए नागरिकों को प्रेरित करें।
जिलाध्यक्ष ने जानकारी दी कि दुर्ग (ग्रामीण) जिले के सभी 39 मंडलों में 11 से 15 नवंबर 2026 तक जनचौपाल एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अगले चरण में 16 से 25 नवंबर तक अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान गांवों, वार्डों और बूथों में आम नागरिकों से सीधा संपर्क स्थापित कर मताधिकार की सुरक्षा, मतदाता सूची की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इस दौरान रिवेंद्र यादव, टिकेश्वरी देशमुख, प्रदीप चंद्रकार, डिकेन्द्र हिरवानी, प्रह्लाद वर्मा, देवराज चतुर्वेदी, शिवनारायण दिल्लीवार, जितेंद्र साहू, सुनील मिश्रा, सुखदेव यादव, देवेंद्र वैष्णव, द्वारिका साहू, धर्मेंद्र बंजारे सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।




