- November 15, 2026
वार्ड 39 दीपक चौक पुरैना में धूमधाम से मनाई गई धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी के ज्येष्ठ श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में स्थान वार्ड 39 दीपक चौक पुरैना में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती मनाई गई।
कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके द्वारा किए गए कार्यों को याद किया।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा केवल एक नाम नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता, स्वाभिमान और स्वतंत्रता का प्रतीक हैं। अंग्रेजी शासन के खिलाफ जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए उन्होंने जो संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा रहेगा। मात्र 25 वर्ष की आयु में उन्होंने जो क्रांति की, वह इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिरसा मुंडा की जन्म जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लेकर पूरे आदिवासी समाज को सच्चा सम्मान दिया है। डबल इंजन की सरकार बिरसा मुंडा के सपनों को साकार करने के लिए आदिवासी समाज के शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के ज्येष्ठ श्रेष्ठ कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




