- November 15, 2026
छठ पर्व पर श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे अरुण वोरा, दीपक नगर, कातुलबोड़ और सिंधिया नगर में लिया आशीर्वाद

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं दुर्ग शहर के पूर्व विधायक अरुण वोरा दीपक नगर, कातुलबोड़ एवं सिंधिया नगर में आयोजित छठ पूजा कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छठ घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर रहे श्रद्धालुओं से मुलाकात की और सभी को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
अरुण वोरा ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, आस्था, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम पर्व है। यह पर्व हमें स्वच्छता, पवित्रता, संयम और परिवार एवं समाज के प्रति समर्पण का संदेश देता है। छठी मैया और भगवान सूर्य की आराधना से जुड़ा यह पर्व सामाजिक एकता एवं भाईचारे की भावना को भी मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान उसकी विविधता और आपसी सद्भाव में बसती है। यहां सभी समाजों के पर्वों को मिल-जुलकर मनाने की परंपरा हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
इस दौरान उन्होंने छठ पूजा समितियों के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात कर आयोजन की शुभकामनाएं दीं तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।




