- November 16, 2026
छठ महापर्व पर रिसाली निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचे विधायक ललित चंद्राकर

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
भिलाई। छठ महापर्व के अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने रिसाली निगम क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं के साथ पूजा-अर्चना की और उनका स्नेह एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।
विधायक ललित चंद्राकर ने रुआबांधा तालाब, वार्ड 25 मां शीतला तालाब, वीआईपी नगर, हिन्द नगर तालाब, मां कल्याणी शीतला मंदिर तालाब, नेवई भाठा डेम, मैनोमेंट तालाब, मरोदा सेक्टर छठ घाट पहुंचकर छठी मैया का दर्शन किया और व्रतधारी माताओं-बहनों से मिलकर उन्हें छठ महापर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, अनुशासन और समर्पण का महापर्व है। छठी मैया के प्रति लोगों की अटूट आस्था, घाटों पर गूंजते भक्ति गीत और व्रतधारी माताओं-बहनों का समर्पण इस पर्व की दिव्यता को और भी विशेष बना रहा है।
उन्होंने कहा कि सूर्य देव और छठी मैया की कृपा से सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे, यही प्रार्थना है। छठ का यह पर्व हमें प्रकृति की पूजा, स्वच्छता और सामाजिक एकता का संदेश देता है।
घाटों पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधायक का आत्मीय स्वागत किया और क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।




