- November 16, 2026
दुर्ग रेलवे स्टेशन से श्रीरामलला दर्शन योजना की स्पेशल ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। दुर्ग रेलवे स्टेशन से श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत भगवान श्रीराम की श्रद्धा से ओतप्रोत नागरिकों की स्पेशल ट्रेन को दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने हरी झंडी दिखाकर मंगलमय यात्रा की शुभकामनाओं के साथ अयोध्या धाम के लिए रवाना किया।
इस यात्रा में दुर्ग संभाग और बस्तर संभाग के कुल 850 यात्री अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। जय श्रीराम के जयकारों से पूरा रेलवे स्टेशन गूंज उठा।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में यह छत्तीसगढ़वासियों की आस्था, संस्कृति और सनातन परंपराओं को अयोध्या की पावन भूमि से जोड़ने वाली ऐतिहासिक यात्रा है। इस योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ सरकार जन-जन को प्रभु श्रीराम के दर्शन का सुअवसर प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रभु श्रीराम का ननिहाल है। माता कौशल्या की भूमि से अयोध्या तक का यह रिश्ता भावनाओं का रिश्ता है। हमारी सरकार ने वादा किया था कि हर श्रद्धालु को अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन कराएंगे और आज वह वादा धरातल पर साकार हो रहा है। सभी यात्रियों की यात्रा मंगलमय हो, प्रभु श्रीराम की कृपा सभी पर बनी रहे।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से दुर्ग जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, दुर्ग जनपद पंचायत अध्यक्ष कुलेश्वरी देवांगन, पाटन जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक, जिला पंचायत सभापति नीलम चंद्राकर, एल्डरमैन एवं महामंत्री चंदू देवांगन, राजेश चंद्राकर सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।




