- February 18, 2025
सभापति में एस.सी.एस.टी. या सामान्य वर्ग को मिल सकता है मौका एम.आई.सी. में बंजारे, शेखर, साजन, लीना, शशि, देवनारायण के शामिल होने की चर्चा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग । नगर निगम की भाजपाई परिषद में सभापति के पद के लिए अनूसूचित जाति जनजाति या सामान्य वर्ग को प्रतिनिधित्व का अवसर मिल सकता है। अनूसूचित जाति, जनजाति से पांच बार के पार्षद काशीराम कोसरे प्रबल दावेदार माने जा रहे है। वही सामान्य वर्ग से पूर्व पार्षद व एम.आई.सी. प्रभारी श्याम शर्मा का दावा मजबूत बताया जा रहा है। यह तय है कि सभापति व एमआईसी प्रभारी विधायक गजेन्द्र यादव की पसंद से चुने जाएंगे।
निगम महापौर और पार्षदों के चुनाव के बाद सभापति के चयन को लेकर कवायद तेज हो गई है। दुर्ग से सांसद,विधायक व जिलाध्यक्ष महापौर पिछड़ा वर्ग से है इसलिए सभापति के पद के लिए पिछड़ा वर्ग का दावा लगभग खत्म हो गया है। सामान्य वर्ग या एस.सी.एस.टी. वर्ग को अभी तक महत्वपूर्ण पदों में प्रतिनिधित्व का अवसर नहीं मिला है। इसलिए इन दोनों में से एक वर्ग का प्रतिनिधित्व तय माना जा रहा है। सभापति पद के लिए देवनारायण तान्ड़ी भी दावेदार है चूंकि उन्हें एक बार अवसर मिल चुका है इसलिए इस बार संभावना कम है। काशीराम कोसरे भाजपा से लगातार पांच बार जीतने वाले वरिष्ठ पार्षद है इसलिए पार्टी उन्हे मौका दे सकती है। सामान्य वर्ग से श्याम शर्मा सबसे प्रबल दावेदार है। नगर निगम की एम.आई.सी. में नरेन्द्र बंजारे, शेखर चंद्राकर, देवनारायण चंद्राकर,साजन जोसेफ, लीना दिनेश देवांगन, शशि साहू को शामिल करने की चर्चा है। शेखर चंद्राकर वार्ड 10 शंकर नगर पश्चिम से पूरे साठ वार्डो में सबसे अधिक 1745 मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। इसी तरह वार्ड-3 मठपारा दक्षिण से नरेन्द्र बंजारे 921 मतों के बड़े अंतर से चुनाव जीते है। श्री बंजारे अनुभवी होने के साथ अपने व्यवहार से पार्टी के साथ पूरे शहर में लोकप्रिय है। श्री बंजारे को एम.आई.सी. में महत्वपूर्ण विभाग मिल सकता है। वार्ड 4 मठपारा उत्तर से लीना दिनेश देवांगन ने 1685 मतों से रिकार्ड जीत हासिल की है। नये चेहरे के रूप में वार्ड-51 बोरसी उत्तर के पार्षद साजन जोसेफ को शामिल किया जा सकता है।
श्री जोसेफ ने महापौर प्रत्याशी प्रेमलता साहू के पति पोषण साहू को हराया है। चंड़ी मंदिर वार्ड 33 की पार्षद शशि द्वारिका साहू भी 1255 मतों के अंतर से चुनाव जीती है। वार्ड 18 औद्योगिक नगर दक्षिण से निर्वाचित देव नारायण चंद्राकर भी एम.आई.सी. में लिए जा सकते है। यदि एस.सी.एस.टी. को सभापति में प्रतिनिधित्व से अवसर मिला तो श्याम शर्मा भी एम.आई.सी. में लिए जा सकते है। सामान्य को सभापति में अवसर मिलने पर काशीराम कोसरे एम.आई.सी. में लिये जा सकते है। देवनारायण तांड़ी को भी एम.आई.सी. में अवसर मिल सकता है। वार्ड 28 पचरी पारा की पार्षद ममता सेन भी एम.आई.सी. में शामिल की जा सकती है। बहरहाल भाजपा में योग्य लोगों को प्रतिनिधित्व दिए जाने के लिए विचार-विमर्श व गहन चिन्तन शुरू हो गया है। इसका निर्णय पार्टी के वरिष्ठ नेता मिलकर समन्वय से लेगें।