- March 6, 2025
कल मिलेगा निगम को नया सभापति,भाजपा का बनना लगभग तय सभापति के चुनाव के बाद सप्ताह भर के भीतर होगी एम.आई.सी.की घोषणा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। कल 7 मार्च शुक्रवार को नगर निगम के नये सभापति का चुनाव होगा। निगम के साठ वार्डो में भाजपा के 40 पार्षद जीतकर बहुमत की स्थिति में है इसलिए भाजपा का सभापति चुना जाना लगभग तय हो गया है। कांग्रेस ने सभापति पद के प्रत्याशी के रूप में भास्कर कुण्डले के नाम का एलान कर दिया है। वही भाजपा चुनाव के पहले अपने प्रत्याशी की घोषणा करेगी।
भारतीय जनता पार्टी में सभापति पद के लिए नीलेश अग्रवाल नरेन्द्र बंजारे काशीराम कोसरे, देवनारायण चंद्राकर,शेखर चंद्राकर,गुलाब वर्मा का नाम चर्चा में है। दवे नारायण चंद्राकर,शेखर चंद्राकर, गुलाब वर्मा कुर्मी समाज का प्रतिनिधित्च करते है। चूंकि सांसद व महापौर कुर्मी समाज से है इसलिए सभापति पद में कुर्मी समाज की दावेदारी कमजोर पड़ गई है। महापौर के महिला होने से महिला की दावेदारी भी खत्म हो गई है।
चुनाव कार्यक्रम जारी
निगम अध्यक्ष (स्पीकर) सभापति के लिए कल दोपहर 12 से 12.30 के बीच नामांकन दाखिल किये जाएंगे। 12.30 से 1 बजे के बीच जांच होगी 1 बजे से 1.30 के बीच नाम वापस लेने का समय निर्धारित है इसके बाद आवश्यक हुआ तो दोपहर 2 बजे से 2.30 बजे तक मतदान होगा और उसके पश्चात मतगणना के उपरांत परिणाम की घोषणा की जाएगी। निगम द्वारा इसके लिए आवश्यक तैयारी कर ली गयी है।
(बाक्स में) फोटो नीलेश
0 समान्य वर्ग से नीलेश की दावेदारी मजबूत
सामान्य वर्ग से सभापति बनाने की स्थिति में ठेठवार पारा वार्ड 6 के भाजपा पार्षद नीलेश अग्रवाल की दावेदारी सबसे मजबूत बताई जा रही है। श्री अग्रवाल ने पिछली परिषद के सभापति और कांग्रेस के कद्दावर नेता राजेश यादव को हराया है इसलिए सभापति को हराने वाला सभापति बन सकता है। श्री अग्रवाल लंबे समय से संगठन में सक्रिय है और शहर युवा मोर्चा के अध्यक्ष के साथ चंडी शीतला मंडल के अध्यक्ष भी रह चुके है। वर्तमान में जिला भाजपा में सह कोषाध्यक्ष भी है। महापौर अल्का बाघमार के साथ काम कर चुके है। सभापति के लिए अल्का बाघमार की पहली पसंद भी बताए जा रहे है। इसके अतिरिक्त दुर्ग संगठन प्रभारी राजीव अग्रवाल व दुर्ग जिला ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर के भी करीबी है। इनके नाम पर सांसद विजय बघेल की सहमति भी बन सकती है। सामान्य वर्ग से श्याम शर्मा भी दावेदार थे लेकिन पिछले चुनाव में बागी प्रत्याशी बनने की वजह से एवम संगठन की गाईड लाईन में आने से श्याम शर्मा का दावा खत्म हो गया है।
(बाक्स में)फोटो नरेन्द्र बंजारे
0 अनुभवी के रूप में नरेन्द्र का दावा प्रबल
अनुभवी पार्षदों को सभापति बनाने की स्थिति में मठपारा क्रमांक 3 के पार्षद नरेन्द्र बंजारे का दावा सबसे प्रबल बताया जा रहा है। श्री बंजारे सर्वाधिक मतों के अंतर से चुनाव जीते है पार्टी के सभापति कार्यकर्ता है। निगम की कार्य प्रणाली का लंबा अनुभव है। सभापति के पद को चलाने की भी क्षमता रखते है। विनम्र मिलनसार और व्यवहारिक होने के साथ लोकप्रिय भी है। श्री बंजारे ढीमर समाज का प्रतिनिधित्व करते है। ढीमर समाज के मतदाताओं की संख्या भारी तादात में है ढीमर समाज को भाजपा में बड़े पद पर प्रतिनिधित्व का अवसर नहीं मिला है। ढीमर समाज को साधने के लिए भाजपा नरेन्द्र बंजारे को सभापति बना सकती है। संगठन में अनुभवी के रूप में नरेन्द्र बंजारे पहली पसंद बताए जा रहे है।
(बाक्स में) फोटो कोसरे
0 अनूसूचित जाति जनजाति से कोसरे की दावेदारी
अनूसूचित जाति और जनजाति वर्ग से स्टेशन पारा वार्ड 22 के पार्षद काशीराम कोसरे की दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही है। श्री कोसरे पांच बार के पार्षद है और भाजपा के वरिष्ठ पार्षदों में से एक है। इन्होंने 1117 मतों से अंतर से चुनाव जीता है और वार्ड में भाजपा के कब्जे को दो दशक से अधिक समय से बरकरार रखे हुए है। पटरी के उस पार क्षेत्र में भाजपा के अधिकांश पार्षदों को जीत हासिल हुई है। पटरीपार से भाजपा के बड़े पद पर किसी पार्षद को प्रतिनिधित्व का अवसर नही मिला है। हालांकि जिला पंचायत अध्यक्ष व रिसाली निगम महापौर का पद अनूसूचित जाति व जनजाति के लिए आरक्षित है लेकिन दुर्ग निगम में इस वर्ग को प्रतिनिधित्व का अवसर नहीं मिला है।
क्रास वोटिंग के खतरे को लेकर संगठन एलर्ट
नगर निगम के सभापति के प्रत्याशी के लिए भाजपा अपने पत्ते आखरी समय में खोलेगी। दावेदारों को भी इस बात का अंदेशा नहीं है कि सभापति के प्रत्याशी का फार्म किसे मिलेगा लेकिन सभापति का चयन सांसद विजय बघेल विधायक गजेन्द्र यादव जिला भाजपाध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक की सहमति से होगा। जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में हुई क्रास वोटिंग को लेकर संगठन एलर्ट मोड पर है। इसे रोकने भाजपा व संगठन के सभी बड़े नेता चुनाव के समय मौजूद रहेगें। माना जा रहा है कि सभापति के चुनाव के सप्ताह भर के भीतर निगम महापौर अल्का बाघमार एम.आई.सी. की टीम का चयन कर लेगी।