- March 21, 2025
निगम बजट पर अरुण वोरा ने दिए सुझाव, कहा -जनता के हित में विकास कार्य हों प्राथमिकता

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। नगर निगम के आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक अरुण वोरा ने नगर निगम महापौर को अहम सुझाव दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनहित में महत्वपूर्ण विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए और पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा स्वीकृत अधूरे प्रोजेक्ट्स को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
वोरा ने कहा कि “ट्रिपल इंजन सरकार” के भरोसे छोड़े गए इस बजट को जनता की असल जरूरतों से जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने निगम प्रशासन को स्मरण कराया कि कांग्रेस शासन के दौरान शहर विकास के लिए करोड़ों के बुनियादी ढांचे संबंधी कार्य स्वीकृत किए गए थे, जिनका टेंडर और वर्क ऑर्डर तक जारी हो चुका था। लेकिन वर्तमान सरकार ने इन्हें “अप्रारंभ” मानकर रोक दिया, जो सरासर अन्याय है।
जनता के लिए अहम सुझाव:
– शिवनाथ नदी तट पर सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना
– लाल बहादुर शास्त्री स्कूल (मिलपारा) का निर्माण
– ठगड़ाबांध को साइंस कॉलेज के फिल्टर प्लांट से जोड़कर 12 महीने जलभराव सुनिश्चित करना
– पटरीपार और बोरसी में सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम एवं इंडोर स्टेडियम का निर्माण
– 25 तालाबों का संरक्षण व सौंदर्यीकरण
– ग्रीष्म ऋतु से पहले अधूरी पानी टंकी, पाइपलाइन और घर कनेक्शन के कार्य पूर्ण कर जल संकट का निवारण
– शिवनाथ नदी के रिवर फ्रंट विकास कार्य को जल्द शुरू करना
– स्ट्रोट्रप हॉकी मैदान और पोटिया में रीपा प्रोजेक्ट का निर्माण शीघ्र प्रारंभ हो
– इंदिरा मार्केट व समृद्धि बाजार में जलभराव, डोम शेड और लाइटिंग की समस्या का समाधान
– इंदिरा मार्केट में मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण, जिससे बढ़ते ट्रैफिक का समाधान हो
– शहर के बंद पड़े एवं रिक्त पोलों पर स्ट्रीट लाइट लगाने की जरूरत
– महाराजा चौक, मिनी स्टेडियम, शहीद चौक सहित अन्य उद्यानों का सौंदर्यीकरण
– शहर के प्रमुख नालों का सुदृढ़ीकरण – सिकोला नाला, शंकरनगर नाला, गिरधारी व कसारीडीह नाला
– धूल मुक्त सड़कें बनाने के लिए प्रमुख सड़कों पर पेवर ब्लॉक लगाना
घोषणाओं का पुलिंदा नहीं, ठोस कार्यवाही चाहिए
वोरा ने निगम प्रशासन से अनुरोध किया कि यह बजट सिर्फ “घोषणाओं का पुलिंदा” न बने, बल्कि जनता की जरूरतों के अनुरूप ठोस योजनाओं को शामिल किया जाए। उन्होंने चेताया कि अगर आवश्यक विकास कार्यों को नजरअंदाज किया गया, तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर सड़क से सदन तक संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगी!




