- April 29, 2025
नेता प्रतिपक्ष ने घोषणा के अनुरुप आयुक्त के पार्किंग स्थल में खोला कार्यालय

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। नगर निगम के नेताप्रतिपक्ष संजय कोहले ने अपनी घोषणा के अनुरुप आखिरकार मंगलवार को पूर्वान्ह 11 बजे निगम परिसर में आयुक्त के पार्किंग स्थल में अपना कार्यालय खोल दिया। श्री कोहले अपने कामकाज के पहले दिन जमीन में दरी बिछाकर कांग्रेस के पार्षदों के साथ बैठे। कार्यालय का शुभारंभ करने के बाद उन्होंने मिष्ठान का भी वितरण किया। निगम के इतिहास में आयुक्त के पार्किंग स्थल में नेताप्रतिपक्ष व्दारा कार्यालय शुरु करने का यह पहला मामला है।
जानकारी के अनुसार नई शहर सरकार को गठित हुए दो माह से अधिक का समय हो गया है लेकिन नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले को अभी तक चेम्बर का एलाटमेन्ट नहीं किया गया है। श्री कोहले ने बताया कि उन्होंने इसके लिए निगम आयुक्त को कई बार पत्र लिखा है और चेम्बर आबंटित करने का अनुरोध किया है लेकिन अभी तक उन्हे चेम्बर एलाट नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि चेम्बर नहीं मिलने की स्थिति में आयुक्त के पार्किंग स्थल में उन्होंने कार्यालय शुरु करने की घोषणा की थी। इसी के अनुरुप उन्होने कार्यालय शुरु कर दिया हैं। यहां गोरतलब है कि इससे पहले भाजपा परिषद के 20 वर्ष के कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष को चेम्बर का एलाटमेन्ट नहीं किया गया है। कांग्रेस की परिषद ने मोतीलाल वोरा सभागार में एमआईसी मेम्बरों के चेम्बर के साथ नेताप्रतिपक्ष के लिए भी अलग कक्ष का निर्माण किया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद पिछली शहरी सरकार ने तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा को चेम्बर देने की पहल की थी। लेकिन परिषद के कार्यकाल के पूर्ण होने में गिने चुने महीनों के समय को देखते हुए उन्होंने चेम्बर लेने से मना कर दिया था और कहा था कि अगली शहरी सरकार में नेताप्रतिपक्ष को इसका लाभ मिलेगा। नई शहरी सरकार व्दारा नेताप्रतिपक्ष को चेम्बर आबंटित करने कोई पहल नहीं की गयी है। बताया गया है कि निगम आयुक्त व्दारा नेताप्रतिपक्ष को चेम्बर आबंटित करने के लिए शासन से मार्गदर्शन मांगा गया है। इधर नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले का कहना है कि शहर की जनता की समस्याओं के निराकरण में पैदा होने वाली बाधाओं को दूर करना हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए निगम परिसर में मौजूद रहकर ही जनता से सीधा संवाद बनाया जा सकता है । इसलिए हमने अपना कार्यालय शुरु कर दिया है। इस अवसर पर उपनेता प्रतिपक्ष विजयंत पटेल, पूर्व एमआईसी प्रभारी दीपक साहू मनदीप भाटिया, पार्षद भास्कर कुंडले पूर्व पार्षद भोला महोबिया, ज्ञानदास बंजारे, श्री जोशी, शहर जिला युवक कांग्रेस के अध्यक्ष आयुष शर्मा सहित अनेक लोग मौजूद थे।




